Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

खाटूश्याम दर्शन से पहले हादसा! एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराई कार, 4 की मौत, 5 घायल

रतलाम के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रात में हुए हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। खाटूश्याम बाबा के दर्शन के लिए जा रही अर्टिगा सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हुई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
 खाटूश्याम दर्शन से पहले हादसा! एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराई कार, 4 की मौत, 5 घायल
खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार

रतलाम। दिल्ली-मुंबई आठ लेन एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार रात एक परिवार के लिए सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। रतलाम जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अर्टिगा सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। कार में कुल नौ लोग सवार थे, जो खाटूश्याम बाबा के दर्शन के लिए राजस्थान जा रहे थे। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। दो बच्चों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

खड़े ट्रक से सीधे टकराई कार

बताया गया कि शिवगढ़ क्षेत्र के कजलिया पाड़ा के पास ट्रक में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके बाद ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया गया था। रात के समय अंधेरा होने के कारण अर्टिगा चालक को ट्रक समय पर दिखाई नहीं दिया। कार तेज रफ्तार में थी और अचानक सामने आए ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद कार काफी दूर तक घिसटती हुई गई और फिर पलट गई। हादसे की तस्वीर से टक्कर की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

ये भी पढ़ें: गुना में निकली तिरंगा यात्रा, प्रभारी मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत हुए शामिल

टक्कर इतनी जोरदार कि कार के परखच्चे उड़े

हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार कई लोग अंदर ही फंस गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ लोग किसी तरह कार से बाहर निकलने में सफल हुए, जबकि बाकी लोगों को निकालने के लिए राहत टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। क्षतिग्रस्त कार को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई।

पुलिस और एंबुलेंस ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलने के बाद शिवगढ़ थाना पुलिस और एनएचएआई की एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। राहत दल ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को दो एंबुलेंस की मदद से रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोगों को भी सूचना दी गई। झाबुआ जिला पास होने के कारण कुछ परिजन रात में ही अस्पताल पहुंच गए।

खाटूश्याम दर्शन के लिए निकला था परिवार

कार में सवार लोग इंदौर, धार और झाबुआ जिले के रहने वाले थे। परिवार खाटूश्याम बाबा के दर्शन के लिए राजस्थान जा रहा था। सफर के दौरान हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मृतकों के शवों को अस्पताल भेजकर आगे की कार्रवाई की गई।

ये भी पढ़ें: विदेशों से उठी आजादी की आवाज, शौर्य स्मारक में डिजिटल गैलरी ने दिखाई प्रवासी सेनानियों की कहानी

तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रक की जांच

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रक को हादसे की अहम वजह माना जा रहा है। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रक के पीछे पर्याप्त चेतावनी संकेत या सुरक्षा व्यवस्था थी या नहीं। रात में एक्सप्रेसवे पर खड़े वाहनों को लेकर यह हादसा सड़क सुरक्षा से जुड़े सवाल भी खड़े करता है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts