Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सिग्नल रेड हुआ, ब्रेक लगे और फिर...रतलाम में रणथंभौर एक्सप्रेस के जनरल कोच से उठा धुआं, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

रतलाम के लूणी-रीछा स्टेशन के पास रणथंभौर एक्सप्रेस के जनरल कोच के पहिए से धुआं निकलने पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इमरजेंसी ब्रेक के बाद घर्षण से धुआं उठा। रेलवे ने फायर एक्सटिंग्विशर से स्थिति संभाली। घटना में कोई घायल नहीं हुआ और जांच के बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया।
रतलाम में रणथंभौर एक्सप्रेस के जनरल कोच से उठा धुआं, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में गुरुवार सुबह इंदौर से जोधपुर जा रही रणथंभौर एक्सप्रेस में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रेन के जनरल कोच के पहिए से अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं देखकर यात्रियों ने आग लगने की आशंका जताई, जिसके बाद कई लोग अपना सामान लेकर ट्रेन से नीचे उतर गए। रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और जांच के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया।

लूणी-रीछा स्टेशन पर अचानक रोकी गई ट्रेन

जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 9:45 बजे रतलाम जिले के लूणी-रीछा स्टेशन के पास रणथंभौर एक्सप्रेस को अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकना पड़ा। खास बात यह रही कि इस स्टेशन पर ट्रेन का निर्धारित स्टॉपेज नहीं है। बताया जा रहा है कि, आगे सिग्नल रेड होने के कारण लोको पायलट ने आपातकालीन ब्रेक लगाए।

पहिए से धुआं निकलते ही यात्रियों में मची भगदड़

इमरजेंसी ब्रेक लगने के कुछ ही देर बाद जनरल कोच के पहिए के पास से धुआं उठने लगा। किसी यात्री ने आग लगने की बात कह दी, जिससे पूरे कोच में हड़कंप मच गया। घबराए यात्री अपना सामान लेकर ट्रेन से नीचे उतरने लगे। कई लोग जान बचाने के लिए सीधे रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए।

घटना के समय दूसरी लाइन पर भी एक ट्रेन खड़ी थी। ऐसे में बड़ी संख्या में यात्री दोनों ट्रेनों के बीच पटरियों पर खड़े रहे, जिससे कुछ देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। इस दौरान घटना का वीडियो भी सामने आया, जिसमें यात्री जल्दबाजी में ट्रेन से उतरते दिखाई दे रहे हैं।

फायर एक्सटिंग्विशर से तुरंत संभाली गई स्थिति

सूचना मिलते ही रेलवे के कर्मचारी अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) लेकर मौके पर पहुंचे। पहिए के पास से निकल रहे धुएं और आग जैसी स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया। इसके बाद तकनीकी टीम ने कोच और ब्रेक सिस्टम की जांच की। जांच पूरी होने के बाद करीब 20 मिनट बाद ट्रेन को सुरक्षित जोधपुर के लिए रवाना कर दिया गया।

धुआं क्यों निकला? सामने आई शुरुआती वजह

जानकारी के अनुसार, ट्रेन के आगे सिग्नल रेड होने के कारण लोको पायलट को अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े। तेज ब्रेकिंग के दौरान जनरल कोच के एक पहिए के हार्ड एक्सल पर ब्रेक शू जाम होकर चिपक गए। लगातार घर्षण होने से पहिए के पास धुआं निकलने लगा। हालांकि रेलवे की ओर से अभी तक इस तकनीकी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

कुछ देर प्रभावित रहा रेल यातायात

इस घटना के कारण अप लाइन पर रेल यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। अवध एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनों को एहतियातन अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। तकनीकी जांच पूरी होने के बाद रेल संचालन सामान्य कर दिया गया।

किसी यात्री को नहीं पहुंचा नुकसान

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस पूरी घटना में किसी यात्री के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। समय रहते कर्मचारियों की सतर्कता और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की वजह से बड़ा हादसा टल गया।

इसी ट्रैक पर पहले भी हो चुकी है बड़ी घटना

इसी रेलखंड पर 17 मई को त्रिवेंद्रम से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में आग लग गई थी। यह हादसा रतलाम जिले में आलोट के पास लूणी-रीछा और विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच हुआ था। रेलवे कर्मचारियों ने उस समय भी सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था और प्रभावित कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया था।

लोगों को आई मुरैना हादसे की याद

हाल ही में मुरैना में भी आग लगने की अफवाह के बाद यात्री ट्रेन से उतरकर रेलवे ट्रैक पर आ गए थे। इसी दौरान दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई थी। ऐसे में रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में अफवाहों पर भरोसा न करें और रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts