Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राजगढ़:पचोर में पेट्रोल पंप पर भीषण आग, फ्यूल टैंकर भी चपेट में आया; 11 लोग झुलसे

पचोर के एक पेट्रोल पंप पर भयावह आग लगने से हड़कंप मच गया जिसकी चपेट में एक फ्यूल टैंकर भी आ गया।
Follow on Google News
पचोर में पेट्रोल पंप पर भीषण आग, फ्यूल टैंकर भी चपेट में आया; 11 लोग झुलसे

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर शहर में सोमवार रात एक पेट्रोल पंप पर भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में वहां खड़ा पेट्रोल से भरा फ्यूल टैंकर भी इसकी चपेट में आ गया। हादसे में 11 लोग झुलस गए जिनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायल की चमड़ी तक झुलस गई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भारत पेट्रोलियम पंप पर रात 8:30 बजे लगी आग

जानकारी के मुताबिक आग सोमवार रात करीब 8:30 बजे पचोर शहर स्थित चुन्नीलाल मुन्नालाल भारत पेट्रोलियम पंप पर लगी। पेट्रोल पंप शहर के बीचोंबीच स्थित होने के कारण आग लगते ही इलाके में दहशत फैल गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़े फ्यूल टैंकर तक पहुंच गई।

आग लगते ही मची भगदड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। आग की ऊंची-ऊंची लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं जबकि काले धुएं का गुबार पूरे इलाके में फैल गया था।

एक व्यक्ति गंभीर, बाकी घायलों का इलाज जारी

पचौर थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया ने बताया कि हादसे में कुल 11 लोग झुलसे हैं। इनमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है जबकि बाकी लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

पुलिस-दमकल की टीमों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। सुरक्षा को देखते हुए आसपास के लोगों को तुरंत घटनास्थल से दूर हटाया गया।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी

हादसे के दौरान एसडीएम रोहित बमोरे और सीएमओ दीपक रानवे समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य की निगरानी की।

ये भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल बचाने से लेकर सोना खरीदने तक… PM मोदी की देशवासियों से एक बार फिर बड़ी अपील

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य तकनीकी कारणों की भी जांच की जा रही है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts