एकादशी की आतिशबाजी से MP की हवा हुई खराब, 4 शहरों में AQI 300 पार; सिंगरौली सबसे प्रदूषित

मध्य प्रदेश। एकादशी के बाद मध्य प्रदेश के कई शहरों में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा है। 20 नवंबर की शाम 4:30 बजे और 21 नवंबर की रात 12 बजे के आंकड़ों की तुलना में बड़ा बदलाव सामने आया। प्रदेश के 26 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से शाम को किसी का भी AQI 300 के पार नहीं था, लेकिन रात तक चार स्टेशन इस स्तर को पार कर गए। सिंगरौली, पीथमपुर, ग्वालियर और सागर में हवा की हालत ज्यादा खराब रही। वहीं, भोपाल में भी AQI बढ़ा। हालांकि, कटनी और इंदौर के कुछ इलाकों में राहत दर्ज की गई।
7 घंटे में बिगड़ी हवा, सिंगरौली में AQI 358 पर पहुंचा
सिंगरौली के सूर्यकिरण भवन में प्रदूषण सबसे ज्यादा बढ़ा। यहां AQI 237 से बढ़कर 358 पहुंच गया। यानी सात घंटे में 121 अंकों की बढ़ोतरी हुई। इसके साथ ही हवा की हालत पहले से ज्यादा खराब हो गई। पीथमपुर के सेक्टर-2 इंडस्ट्रियल एरिया में भी AQI 277 से बढ़कर 318 दर्ज किया गया। यहां हवा में पीएम-10 की मात्रा ज्यादा रही। ग्वालियर के महाराज बाड़ा में AQI 230 से बढ़कर 304 हो गया। वहीं, दीनदयाल नगर में यह 234 से बढ़कर 296 दर्ज हुआ। सिटी सेंटर में थोड़ी राहत रही और यहां AQI 215 से घटकर 206 पर आ गया। सागर के दीनदयाल नगर में सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिला। यहां AQI शाम को 85 था, जो रात 12 बजे तक बढ़कर 315 पहुंच गया। यानी इसमें 230 अंकों की बढ़ोतरी हुई। दूसरी ओर, सिविल लाइंस में AQI दोनों समय 250 पर ही बना रहा।
भोपाल में भी बढ़ा प्रदूषण, कटनी-इंदौर में मिली राहत
राजधानी भोपाल के तीनों मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI बढ़ा। पर्यावरण परिसर में यह 195 से बढ़कर 265 हो गया। टीटी नगर में AQI 206 से बढ़कर 247 और ईदगाह हिल्स में 145 से बढ़कर 157 दर्ज किया गया। हालांकि, भोपाल के किसी भी स्टेशन पर AQI 300 के पार नहीं पहुंचा।
दूसरी ओर, कटनी और इंदौर में हवा की स्थिति कुछ बेहतर रही। कटनी के गोल बाजार में AQI 265 से घटकर 117 हो गया। इंदौर के छोटी ग्वालटोली में यह 172 से घटकर 148 दर्ज हुआ। रीजनल पार्क में AQI 82 पर ही बना रहा। मंडीदीप के सेक्टर-डी में भी यह 134 पर स्थिर रहा।
16 स्टेशनों पर पीएम-2.5 बना प्रदूषण की बड़ी वजह
21 नवंबर की रात 12 बजे के आंकड़ों में 9 शहरों के 16 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर पीएम-2.5 मुख्य प्रदूषक के रूप में दर्ज हुआ। इनमें भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, सागर और सिंगरौली समेत कई शहर शामिल हैं। पीएम-2.5 हवा में मौजूद बहुत छोटे कण होते हैं। ये सांस के साथ फेफड़ों के अंदर तक पहुंच सकते हैं और सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। पटाखों के धुएं के अलावा गाड़ियों, फैक्ट्रियों और ईंधन जलने से भी ये कण हवा में फैलते हैं।




















