हरदा में बेटियों ने पिता की अर्थी को दिया कंधा, नम आंखों से दी अंतिम विदाई; भावुक कर गया दृश्य

मध्य प्रदेश के हरदा में एक ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। पिता के निधन के बाद उनकी दो बेटियों ने न सिर्फ अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया, बल्कि उनकी अर्थी को कंधा देकर उन्हें अंतिम विदाई भी दी। शहर की शिक्षक कॉलोनी में गुरुवार को सुनील गुहा (52) की अंतिम यात्रा निकाली गई। इस दौरान बेटियों मुस्कान और कनक ने सामाजिक रूढ़ियों से आगे बढ़कर अपने पिता के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का परिचय दिया। इस भावुक पल को देखकर वहां मौजूद परिजन और शहरवासी भी भावुक हो गए।
भोपाल एम्स में इलाज के दौरान हुआ निधन
जानकारी के मुताबिक, सुनील गुहा के सिर में खून का थक्का जम गया था, जिसके कारण उनकी हालत गंभीर हो गई थी। बेहतर इलाज के लिए उन्हें भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। गुरुवार शाम उनका पार्थिव शरीर हरदा स्थित घर लाया गया। इसके बाद जब उनकी अंतिम यात्रा निकली तो दोनों बेटियों मुस्कान और कनक ने पिता की अर्थी को कंधा दिया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए बेहद भावुक कर देने वाला था।
बेटियों ने निभाया बेटे का फर्ज, हर किसी की आंखें हुईं नम
पिता की अंतिम यात्रा में बेटियों का इस तरह आगे आना समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश दे गया। मुस्कान और कनक ने साबित किया कि माता-पिता के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और कर्तव्य निभाने के लिए बेटा-बेटी में कोई फर्क नहीं होता। दोनों बेटियां अपने पिता के अंतिम सफर में उनके साथ खड़ी रहीं। स्थानीय मुक्तिधाम में सुनील गुहा का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में शहरवासी और परिचित मौजूद रहे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
बड़ी बेटी BTech, छोटी बेटी कर रही फाइन आर्ट की पढ़ाई
सुनील गुहा की बड़ी बेटी मुस्कान बीटेक की पढ़ाई पूरी कर चुकी हैं, जबकि छोटी बेटी कनक भोपाल में फाइन आर्ट की पढ़ाई कर रही हैं। दोनों बेटियों ने पिता के सपनों को पूरा करने और उनके दिखाए रास्ते पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया है। पिता की अर्थी को कंधा देती बेटियों का यह दृश्य सिर्फ एक अंतिम विदाई नहीं था, बल्कि रिश्तों की गहराई और बेटियों के महत्व को भी दर्शाता है। मुस्कान और कनक ने अपने प्रेम, साहस और समर्पण से यह संदेश दिया कि बेटियां भी परिवार की हर जिम्मेदारी पूरी मजबूती से निभा सकती हैं।




















