Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राजधानी में पहली बार 30 लाख से सजेगा नीम करौली बाबा का दरबार

नवरात्र पर सजेगा आस्था का भव्य संसार, कोलकाता से आए 200 से अधिक कारीगर बना रहे पंडाल
राजधानी में पहली बार 30 लाख से सजेगा नीम करौली बाबा का दरबार
भोपाल। बरखेड़ा भेल स्थित विजय मार्केट में नीम करौली बाबा का दरबार बनाया जा रहा है।

मनोज चौरसिया, भोपाल। गणेशोत्सव के समापन के साथ ही राजधानी में नवरात्र की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भव्य धार्मिक झांकियों और आकर्षक पंडालों का निर्माण शुरू हो गया है। इस बार श्रद्धालुओं को अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग धार्मिक स्थलों की प्रतिकृतियों के दर्शन होंगे। बरखेड़ा भेल स्थित विजय मार्केट में पहली बार नीम करौली बाबा का दरबार सजाया जा रहा है। इसके अलावा बाबा केदारनाथ, माता वैष्णो देवी और सोमनाथ मंदिर की झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पंडालों और झांकियों को भव्य स्वरूप देने के लिए कोलकाता से 200 से अधिक कारीगर भोपाल पहुंचे हैं।

विजय मार्केट : 65 हजार वर्ग फीट में बनेगा विशाल पंडाल

बरखेड़ा भेल स्थित विजय मार्केट में इस वर्ष माता रानी का भव्य दरबार तैयार किया जा रहा है। भेल व्यापारी महासंघ एवं दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष रामबाबू शर्मा ने बताया कि करीब 65 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में विशाल पंडाल बनाया जा रहा है। इसमें पहली बार नीम करौली बाबा की झांकी सजाई जाएगी। पंडाल और झांकी के निर्माण पर करीब 30 लाख रुपए खर्च होंगे।

जम्बूरी मैदान : 55 लाख से तैयार होगी बाबा केदारनाथ की झांकी

भोजपाल गरबा महोत्सव के तहत जम्बूरी मैदान में बाबा केदारनाथ की भव्य झांकी तैयार की जा रही है। करीब 55 लाख रुपए की लागत से बनने वाली यह झांकी 85 फीट ऊंची होगी। आयोजकों के अनुसार यह प्रदेश की बड़ी झांकियों में शामिल होगी। झांकी में श्रद्धालुओं को बाबा केदारनाथ के दर्शन होंगे। परिसर में आकर्षक लाइटिंग और साज-सज्जा के साथ खान-पान एवं अन्य सामग्री के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

ये भी पढ़ें: Pitru Paksha 2026: पितृ पक्ष शुरू होने से पहले कर लें ये जरूरी तैयारियां, जानें क्या करें और क्या नहीं

बिट्टन मार्केट : सवा करोड़ की लागत से बनेगा सोमनाथ मंदिर

नवरात्र के लिए बिट्टन मार्केट में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। मां वैष्णो उत्सव श्रीराम रसोई समिति एवं बिट्टन मार्केट बाजार समिति की ओर से विशेष धार्मिक पंडाल तैयार किया जा रहा है। समिति के संयोजक हरिओम खटीक ने बताया कि यहां सोमनाथ मंदिर की प्रतिकृति तैयार की जा रही है। इसके निर्माण पर करीब सवा करोड़ रुपए खर्च होंगे। झांकी के निर्माण के लिए कोलकाता से 52 कारीगर विशेष रूप से बुलाए गए हैं। कारीगर मंदिर की भव्यता और धार्मिक स्वरूप को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत करने में जुटे हैं।

कल्पना चावला गार्डन : 16वें वर्ष सजेगा माता वैष्णो देवी का दरबार

कोलार क्षेत्र की सर्वधर्म कॉलोनी स्थित कल्पना चावला गार्डन में इस वर्ष भी माता वैष्णो देवी की झांकी सजाई जा रही है। वैष्णो देवी उत्सव एवं जनकल्याण समिति की ओर से लगातार 16वें वर्ष माता का दरबार सजाया जा रहा है। इस बार कटरा स्थित त्रिकूट पर्वत पर विराजमान माता वैष्णो देवी की प्रतिकृति तैयार की जा रही है।

झांकी में माता की पिंडी के साथ महाकाली, महालक्ष्मी और महासरस्वती के तीन स्वरूपों को भी दर्शाया जाएगा। इसके अलावा गुफा का निर्माण किया जा रहा है, जहां श्रद्धालुओं के लिए माता वैष्णो देवी के दर्शन की व्यवस्था रहेगी।

ये भी पढ़ें: MP में सरकारी बसों की वापसी, नितिन गडकरी ने 351 बसों को दिखाई हरी झंडी, CM बोले - गांव-गांव तक पहुंचेगी बस सुविधा

Devendra shakya
By Devendra shakya

Latest Posts