मंडला नगर पालिका CMO 2 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, 15 लाख के बिल के भुगतान के बदले मांगे थे 4 लाख

मंडला। नगर पालिका मंडला के मुख्य नगर पालिका अधिकारी गजानन नाफड़े को शुक्रवार को लोकायुक्त की टीम ने 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। कार्रवाई नगर पालिका कार्यालय में की गई। लोकायुक्त टीम ने रिश्वत की रकम बरामद करने के बाद सीएमओ को नगर पालिका कार्यालय से सर्किट हाउस पहुंचाया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
15 लाख रुपए के बिल के भुगतान के बदले रिश्वत का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक जबलपुर के ठेकेदार ज्ञानचंद बेन का नगर पालिका में करीब 15 लाख रुपए का बिल भुगतान के लिए लंबित था। आरोप है कि इस बिल का भुगतान कराने के बदले सीएमओ गजानन नाफड़े ने ठेकेदार से 4 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। बताया गया है कि ठेकेदार को पहले करीब 40 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका था। इसके बाद करीब 15 लाख रुपए का एक और बिल भुगतान के लिए बाकी था। इसी बिल को पास कराने के बदले रिश्वत मांगे जाने की शिकायत लोकायुक्त से की गई।
पहली किस्त में देने थे 2 लाख रुपए
शिकायत के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले की जांच और कार्रवाई की तैयारी की। जानकारी के मुताबिक 4 लाख रुपए की रिश्वत में से पहली किस्त के तौर पर 2 लाख रुपए देने पर सहमति बनी थी। शुक्रवार को ठेकेदार तय रकम लेकर मंडला नगर पालिका कार्यालय पहुंचा। जैसे ही उसने सीएमओ गजानन नाफड़े को 2 लाख रुपए दिए, पहले से तैयार लोकायुक्त टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
ये भी पढ़ें: इंदौर में चोरों का नया पैंतरा: रेडियम कैप से चेहरा छिपाया, वकील के घर से सोना-नकदी उड़ाई
नगर पालिका कार्यालय से सर्किट हाउस ले गई टीम
रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद लोकायुक्त की टीम सीएमओ गजानन नाफड़े को नगर पालिका कार्यालय से सर्किट हाउस लेकर पहुंची। यहां टीम द्वारा पंचनामा तैयार करने के साथ मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। लोकायुक्त अधिकारी कार्रवाई के दौरान मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य जरूरी साक्ष्यों को भी जुटा रहे हैं। बिल के भुगतान और रिश्वत की मांग से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: कुएं में मिले दो बच्चों के शव, पेड़ पर फंदे से लटकी मिली मां; जांच में जुटी पुलिस
लोकायुक्त की कार्रवाई से नगर पालिका में हड़कंप
नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी के रिश्वत लेते पकड़े जाने की कार्रवाई के बाद कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई। लोकायुक्त टीम की कार्रवाई पूरी होने के बाद मामले में आगे की जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




















