Happy Independence Day
🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

भोपाल में राजा भोज सेलिंग चैंपियनशिप का समापन, NSS भोपाल बना चैंपियन; CM बोले- खेलों में तीसरे स्थान तक पहुंचा मध्य प्रदेश

भोपाल में राजा भोज मल्टी क्लास नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप-2026 का समापन हुआ। NSS भोपाल विजेता और NYSC गोवा उपविजेता रहा। CM मोहन यादव ने प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार की बात कही।
Follow on Google News
भोपाल में राजा भोज सेलिंग चैंपियनशिप का समापन, NSS भोपाल बना चैंपियन; CM बोले- खेलों में तीसरे स्थान तक पहुंचा मध्य प्रदेश
भोपाल में राजा भोज सेलिंग चैंपियनशिप का समापन

राजधानी भोपाल के अपर लेक स्थित बोट क्लब में आयोजित राजा भोज मल्टी क्लास नेशनल रैंकिंग सेलिंग चैंपियनशिप-2026 का रविवार को समापन हुआ। चैंपियनशिप के तीसरे संस्करण के समापन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। प्रतियोगिता में 12 क्लबों के 87 खिलाड़ियों ने 110 रेस में हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा और तकनीक का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में नेशनल सेलिंग स्कूल (NSS) भोपाल ने विजेता का खिताब अपने नाम किया जबकि नेवी यूथ स्पोर्ट्स क्लब (NYSC) गोवा उपविजेता और सिकंदराबाद तीसरे स्थान पर रहा।

हर विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक स्टेडियम विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। इन स्टेडियमों में स्थानीय जरूरत और खेल प्रतिभाओं के अनुसार अलग-अलग खेलों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने कहा कि खेल विभाग का बजट बढ़ाते समय उन्हें सबसे ज्यादा खुशी होती है। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश के हर हिस्से में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में खेलों को लेकर पिछले कुछ वर्षों में बड़ा बदलाव आया है। उनके मुताबिक करीब तीन साल पहले तक खेलों में प्रदेश की स्थिति देश में 16वें-17वें स्थान के आसपास थी, जबकि अब मध्य प्रदेश तीसरे स्थान तक पहुंच चुका है। उन्होंने इसे खिलाड़ियों की मेहनत और सरकार की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।

18 खेलों की 11 अकादमियां कर रहीं खिलाड़ियों को तैयार

मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश में फिलहाल 18 खेलों की 11 खेल अकादमियां संचालित की जा रही हैं। सरकार का जोर सिर्फ खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने तक सीमित नहीं है बल्कि उनके प्रशिक्षण, शिक्षा और भविष्य के अवसरों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में खेलों को शिक्षा से जोड़ने के साथ कोच के करियर को आगे बढ़ाने की संभावनाएं भी रखी गई हैं। खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षकों की प्रगति और भविष्य को लेकर भी काम किया जाना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है और मध्य प्रदेश भी इस दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों की भागीदारी और उपलब्धियां प्रदेश के लिए गर्व की बात हैं।

खिलाड़ियों और टीमों को किया सम्मानित

समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेलों में मध्य प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इनमें कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो में रजत पदक जीतने वाली यामिनी मौर्य, शॉटपुट खिलाड़ी समरदीप सिंह गिल, पोल वॉल्ट खिलाड़ी देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार तथा फेंसिंग खिलाड़ी खुशी दाबोड़े शामिल रहे। इसके अलावा 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी की टीम के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

भोपाल के बड़े तालाब को खेल और पर्यटन से जोड़ने पर जोर

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का खेलों के प्रति जुड़ाव लगातार दिखाई दे रहा है। उन्होंने भोपाल के बड़े तालाब को प्राकृतिक रूप से बेहद खूबसूरत स्थान बताते हुए कहा कि सरकार इसका उपयोग खेल और पर्यटन, दोनों के विकास के लिए कर रही है। सारंग ने भी कहा कि मध्य प्रदेश तीन साल पहले खेलों में देश में 16वें-17वें स्थान के आसपास था, लेकिन अब तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल अकादमियों के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से भोपाल में खेल संग्रहालय बनाने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया। उनका कहना था कि भोपाल और मध्य प्रदेश की खेल उपलब्धियों को एक जगह प्रदर्शित करने से नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने बड़े तालाब में शिकारा संचालन को पर्यटन विकास से जोड़ने की बात भी कही।

NSS भोपाल ने जीती चैंपियनशिप

राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल रैंकिंग सेलिंग चैंपियनशिप-2026 में NSS भोपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। विजेता टीम में वायु चंद्रवंशी, माही वर्मा, तुलसी पटले, एकलव्य वायम, वंशिका शिकारवार, आर्यन पाटीदार, प्रार्थना मोई, अंकित सिसोदिया, समर पंचेश्वर और सिद्धि टंडन शामिल रहे। NYSC गोवा की टीम दूसरे स्थान पर रही। इसमें शशांक जाधव, हृदय जोशी, मोह रिजवान, शिवम वाल्मीकि और हेमंत पपौला शामिल रहे। NSS भोपाल के प्रशिक्षकों में जी.एल. यादव (मुख्य प्रशिक्षक), राम मिलन, नरेंद्र एस. राजपूत और अनिल शर्मा शामिल रहे।

ये भी पढ़ें: भोपाल में हाईवोल्टेज ड्रामा! पत्नी को बॉयफ्रेंड संग मोमो खाते देख पति दंग, सड़क पर हुआ हंगामा, VIDEO वायरल

अपर लेक की लहरों पर खिलाड़ियों ने दिखाया दम

चैंपियनशिप के दौरान भोपाल के अपर लेक की लहरों पर खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। अलग-अलग वर्गों में खिलाड़ियों ने गति, संतुलन और तकनीक का प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय रैंकिंग प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए आगे अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अवसर मजबूत होने की उम्मीद है।

वाटर स्पोर्ट्स का बड़ा केंद्र बन रहा भोपाल

भोपाल की प्राकृतिक झीलें सेलिंग, रोइंग, कयाकिंग और केनोइंग जैसे वाटर स्पोर्ट्स के लिए अनुकूल मानी जाती हैं। मध्य प्रदेश राज्य जल क्रीड़ा अकादमी की स्थापना वर्ष 2007 में की गई थी। अकादमी में सेलिंग, रोइंग, कयाकिंग, केनोइंग और स्लालम की प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हैं। अकादमी के खिलाड़ियों ने अब तक 28 अंतरराष्ट्रीय और 69 राष्ट्रीय पदक हासिल किए हैं। इसके अलावा खिलाड़ी 37 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। राजा भोज सेलिंग चैंपियनशिप जैसे आयोजनों से भोपाल की वाटर स्पोर्ट्स पहचान को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: निलंबन से नहीं चलेगा काम, भ्रष्ट अफसरों की संपत्ति पर चले बुलडोजर : कांग्रेस

स्वतंत्रता दिवस और ‘वंदे मातरम्’ पर CM की प्रतिक्रिया

चैंपियनशिप के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘वंदे मातरम्’ को मिले सम्मान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्तिपूर्ण यह गीत भारत के स्वतंत्रता आंदोलन और देशभक्ति की भावना से गहराई से जुड़ा रहा है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं के बयानों पर भी आपत्ति जताई और कहा कि उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ सिर्फ एक गीत नहीं बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लोगों में देशभक्ति और बलिदान की भावना जगाने वाला प्रतीक रहा है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

icon

Latest Posts