रायसेन में NH-45 किनारे जंगल में जीजा-साली के शव पेड़ से लटके मिले,बाइक- मोबाइल और पर्स बरामद

रायसेन जिले के सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में NH-45 किनारे जंगल में जीजा-साली के शव पेड़ से लटके मिले। मौके से बाइक, मोबाइल, पर्स और अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। 
रायसेन में NH-45 के किनारे जंगल में जीजा-साली के शव पेड़ से लटके मिलने से सनसनी फैल गई है।

रायसेन। जिले के सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को NH-45 किनारे स्थित केमवाली (पीपलवाली) जंगल में एक युवक और युवती के पेड़ से लटके शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों की पहचान सिलवानी थाना क्षेत्र के ग्राम जैथारी निवासी रूपेश कुशवाह और करीब 30 से 35 वर्षीय महिला के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार दोनों रिश्ते में जीजा-साली थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

हाईवे किनारे जंगल में मिले दोनों के शव

जानकारी के अनुसार, बाड़ी से करीब 10 किलोमीटर दूर NH-45 पर स्थित केमवाली (पीपलवाली) जंगल में लोगों ने पेड़ से लटके दो शव देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सुल्तानपुर थाना पुलिस और बाड़ी एसडीओपी नीलम चौधरी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

मौके से बाइक, मोबाइल, पर्स और अन्य सामान मिला

पुलिस को घटनास्थल से एक सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल, कपड़ों से भरा बैग, पर्स, मोबाइल फोन और अन्य सामान मिला है। सभी सामान को जब्त कर जांच में शामिल किया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों जंगल तक कैसे पहुंचे और घटना से पहले क्या हुआ था।

Breaking News

चार घंटे तक नहीं मिला शव वाहन

घटना के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया गया कि करीब चार घंटे तक शव वाहन उपलब्ध नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस ने NH-45 से गुजर रही एक लोडिंग पिकअप की मदद से दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुल्तानपुर स्वास्थ्य केंद्र भेजा।

इंदौर में 15 साल की किशोरी का 3 लाख में सौदा, 15 दिन से थी लापता, जांच में हुआ खुलासा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट

बाड़ी एसडीओपी नीलम चौधरी ने बताया कि मौत के कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के बाद ही स्पष्ट स्थिति सामने आएगी। पुलिस फिलहाल आत्महत्या, पारिवारिक विवाद, प्रेम संबंध और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।

Edited By- Sona Rajput

Buddhi Sharma
By Buddhi Sharma

Latest Posts