रायसेन:मुनि श्री 108 विश्व सूर्य सागर जी महाराज की भव्य मंगल अगवानी से गूंजी धार्मिक नगरी बाड़ी, अब होगा चातुर्मास
रायसेन। बाड़ी आज भक्ति और श्रद्धा के रंग में सराबोर नजर आई। मुनि श्री 108 विश्व सूर्य सागर जी महाराज की भव्य मंगल अगवानी पूरे धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुई। मुनिश्री के नगर आगमन की सूचना मिलते ही सुबह से ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
जयघोष के साथ हुआ नगर प्रवेश
मुनिश्री की मंगल अगवानी नहर एवं स्टेट बैंक के पास स्थित जबलपुर-जयपुर रोड से प्रारंभ हुई। यहां बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग और श्रद्धालु एकत्रित हुए। वैदिक मंत्रोच्चार और ‘जय जिनेंद्र’ के जयघोष के बीच मुनिश्री का नगर में प्रवेश हुआ अगवानी का जुलूस जबलपुर-जयपुर रोड से होते हुए श्री पारसनाथ जैन मंदिर बाड़ी तक पहुंचा। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर मुनिश्री का स्वागत किया और दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मार्ग भर भक्तिमय माहौल रहा।
अब बाड़ी में होगा चातुर्मास
मुनिश्री के आगमन के साथ ही बाड़ी में उनके चातुर्मास की घोषणा से श्रद्धालुओं में खुशी की लहर है। चातुर्मास के चार माह तक मुनिश्री का सान्निध्य बाड़ीवासियों को प्राप्त होगा। इस दौरान प्रतिदिन धार्मिक प्रवचन, स्वाध्याय, साधना और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। जैन समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि चातुर्मास की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। समाज का मानना है कि संत का चातुर्मास किसी नगर के लिए आध्यात्मिक उन्नति का सबसे बड़ा अवसर होता है। मुनिश्री के प्रवचनों से श्रद्धालुओं को धर्म, संयम और सदाचार का मार्गदर्शन मिलेगा।
ये भी पढ़ें: कॉलेज के बाहर मनचलों का आतंक: छात्राओं ने कलेक्टर से लगाई सुरक्षा की गुहार
लंबे समय तक रहेगा भक्तिमय वातावरण
मंगल अगवानी के साथ ही बाड़ी में धार्मिक गतिविधियों का सिलसिला शुरू हो चुका है। अगले चार माह तक नगर में लगातार धार्मिक कार्यक्रमों और प्रवचनों के कारण भक्तिमय माहौल बना रहेगा श्रद्धालुओं ने कहा कि आज बाड़ी में केवल एक संत का आगमन नहीं हुआ, बल्कि पूरे नगर में श्रद्धा, भक्ति और अध्यात्म का वातावरण निर्मित हुआ है। मुनि श्री 108 विश्व सूर्य सागर जी महाराज का चातुर्मास बाड़ीवासियों के लिए विशेष आध्यात्मिक लाभ का अवसर बनेगा।
Edited By: Sumit Shrivastava














