सीहोर:जैन मंदिर में विश्वास से विश्वासघात, पुजारी ने भगवान का खजाना उड़ाया; 8 लाख का माल बरामद
सीहोर। शहर के पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, खजांची लाइन में तीन साल से पूजा-अर्चना करा रहे पुजारी ने ही मंदिर की आस्था को दागदार कर दिया। पुजारी कपिल जैन पर मंदिर से सोने का छत्र, चांदी की थाली, हाथी की मूर्ति और दीपक चुराने का आरोप लगा है जिसे कोतवाली पुलिस ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से करीब 8 लाख रुपए कीमत का चोरी गया सामान बरामद कर लिया है।
कैसे हुआ खुलासा
मामले की शुरुआत 10 जुलाई 2026 को हुई, जब सीहोर जैन समाज एवं मंदिर के अध्यक्ष अजय कुमार जैन ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि मंदिर में तीन साल से नियुक्त पुजारी कपिल जैन ने पूजा की जिम्मेदारी की आड़ में मंदिर से कीमती सामान चुरा लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 489/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 305(d) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने तत्काल संज्ञान लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदन शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रविंद्र यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम को आरोपी की पतारसी कर चोरी का माल बरामद करने और वैधानिक कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए गए।
पूछताछ में पहले टाला, फिर कबूला जुर्म
थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि पुलिस ने पुजारी कपिल जैन को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआत में आरोपी लगातार चोरी की बात से इनकार करता रहा, लेकिन पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर योजनाबद्ध तरीके से सवाल-जवाब किए। सख्ती से हुई पूछताछ के बाद आखिरकार आरोपी टूट गया और उसने मंदिर से चोरी करने की बात कबूल कर ली।
8 लाख का माल बरामद
नगर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन शर्मा ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से एक सोने का छत्र, एक दीपक (कुल वजन करीब 50 ग्राम) और हाथी की आकृति वाली एक चांदी की थाली (वजन करीब 500 ग्राम) बरामद की। पुलिस के मुताबिक बरामद कुल संपत्ति की कीमत करीब आठ लाख रुपए आंकी गई है। पूरा मामला सुलझाने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
ये भी पढ़ें: सीहोर: बिलकिसगंज CHC में इलाज में लापरवाही से नवजात की मौत, बीएमओ ने दिए जांच के आदेश
कौन है आरोपी
आरोपी की पहचान कपिल जैन पिता महावीर जैन (उम्र 28 वर्ष) निवासी संत निवास, मेन रोड सीहोर के रूप में हुई है। पुजारी द्वारा ही मंदिर में चोरी की घटना सामने आने से जैन समाज में आक्रोश और आश्चर्य का माहौल है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि क्या इस चोरी में किसी अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता है।
Edited By: Sumit Shrivastava














