रायसेन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने होटलों पर मारा छापा, खराब सब्जियां मिली, जांच के लिए भेजे सैंपल

रायसेन। मिडवे ट्रीट और द इंडियन रिसोर्ट के निरीक्षण में मेडिकल सर्टिफिकेट, पेस्ट कंट्रोल दस्तावेज और पेयजल की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट नहीं मिली, जबकि खाद्य पदार्थों के रख-रखाव में भी खामियां मिलीं। दोनों प्रतिष्ठानों सहित निखिल बेकरी एंड फैमिली रेस्टोरेंट से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।
मिडवे ट्रीट में मिलीं कई गंभीर खामियां
समनापुर जागीर स्थित मिडवे ट्रीट, विहान हॉस्पिटेलिटी लि., बरेली के निरीक्षण में कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट, पेस्ट कंट्रोल के दस्तावेज और पेयजल की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट नहीं मिली। सब्जी के लिए उपयोग हो रही गोभी सड़ी-गली और फंगस लगी मिली, जिसे मौके पर नष्ट कराया गया, वहीं खाने में डाबर गुलाबबरी का उपयोग हो रहा था, जो खाने के योग्य नहीं है और केवल बाहरी त्वचा पर लगाने के लिए है।
ये भी पढ़ें: जिलों के बाद PHQ से हटेंगे ‘अंगद के पांव’ अब मुख्यालय की शाखाओं में वर्षों से जमे पुलिसकर्मियों की बनेगी सूची
द इंडियन रिसोर्ट में भी मिलीं खामियां
भोपाल-जबलपुर हाईवे, समनापुर स्थित द इंडियन रिसोर्ट में मेडिकल सर्टिफिकेट और पेस्ट कंट्रोल दस्तावेज नहीं मिले। किचन की ड्रेनेज जाली खुली थी और एग्जॉस्ट चिमनी पर कीट रोकने की सूक्ष्म जाली नहीं थी, जबकि चूहों से बचाव के पर्याप्त उपाय भी नहीं मिले और खाद्य पदार्थ में डाबर गुलाबबरी का उपयोग पाया गया।
खाद्य सामग्री के लिए गए नमूने
द इंडियन रिसोर्ट और अन्य प्रतिष्ठानों से पनीर, कश्मीरी मिर्च, बेसन, तुअर दाल, कलाकंद और काबुली चना के नमूने लिए गए हैं। वहीं बरेली के निखिल बेकरी एंड फैमिली रेस्टोरेंट से पनीर और बूंदी के लड्डू के नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।
सुधार नहीं किया तो लाइसेंस होगा निलंबित
विभाग द्वारा खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है। समय सीमा में सुधार न करने पर लाइसेंस निलंबित किया जाएगा। कार्रवाई में नायब तहसीलदार योगेश शुक्ला और खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र नुनइयां शामिल रहे।
ये भी पढ़ें: ‘सेवा’ के रंग में रंगेंगे एमपी के कॉलेज, छात्रों के साथ समुदाय भी निभाएगा भागीदारी
पूर्व कार्रवाई में भी मिले थे अवमानक और असुरक्षित नमूने
इससे पहले दूध और दुग्ध पदार्थ अभियान में मंडीदीप से लिए गए दो पनीर, दूध, खजुराहो घी के नमूने अवमानक और रायसेन से डी.एफ. गोल्ड काउ घी का नमूना असुरक्षित पाया गया था। इन मामलों के प्रकरण न्यायालय में पेश किए जाएंगे।




















