रायसेन में कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ का प्रशिक्षण शुरू, कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने का मंत्र

रायसेन जिले में कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत बेगमगंज में हुई। पहले दिन वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की मजबूती, विस्तार और आगामी रणनीतियों पर कार्यकर्ताओं से चर्चा की।
कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ का प्रशिक्षण शुरू

बेगमगंज। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत रायसेन जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार को बेगमगंज में हुई। सिलवानी विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक बेगमगंज स्थित अर्चना मैरिज गार्डन में आयोजित प्रशिक्षण के पहले दिन संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने पर चर्चा हुई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी, जिला प्रभारी शैलेंद्र पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक देवेंद्र पटेल, सिलवानी विधानसभा प्रभारी विजय सिंह लोधी और उदयपुरा विधानसभा के पूर्व विधायक देवेंद्र पटेल गडरवास मौजूद रहे।

संगठन की मजबूती और विस्तार पर जोर

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस संगठन की जमीनी पकड़ को मजबूत करना और पार्टी की नीतियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना बताया गया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन के विस्तार, बूथ स्तर पर सक्रियता और आगामी रणनीतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार सक्रिय रहने और आम लोगों के बीच पार्टी की नीतियों एवं विचारों को पहुंचाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार करने पर भी जोर दिया गया।

ये भी पढ़ें: भगवान शिव की शरण मे पहुंचे जुन्नारदेव के व्यापारी, अभिषेक और पूजन अर्चन के साथ प्रशासन को सद्बुद्धि देने की लगाई अर्जी 

सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चला प्रशिक्षण

पहले दिन का प्रशिक्षण सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं को जानकारी दी गई और आगामी गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस की कार्यकारिणी के सदस्यों के अलावा भोजपुर, उदयपुरा, सांची और सिलवानी विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए।

ये भी पढ़ें: नाग पंचमी पर घंसौर में निकली भव्य सनातन कांवड़ यात्रा, नर्मदा का पवित्र जल लेकर श्रद्धालु श्री राम मंदिर

मंगलवार को होगा दूसरे दिन का प्रशिक्षण

दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा चरण मंगलवार को जलाश मैरिज गार्डन में आयोजित किया जाएगा। इसमें संगठन सृजन अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं को आगे की रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा। कांग्रेस के इस अभियान के जरिए पार्टी की कोशिश बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने की है, ताकि आगामी राजनीतिक गतिविधियों में कार्यकर्ताओं की भूमिका को और प्रभावी बनाया जा सके।

Anand Sharma
By Anand Sharma

Latest Posts