दुर्ग पुलिस के दो जवान सस्पेंड,अंबिकापुर में नशे में बेसुध मिले,पास में लावारिस पड़ी थी INSAS रायफल

विष्णु गौतम, दुर्ग भिलाई: छत्तीसगढ़ में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। अंबिकापुर में दुर्ग पुलिस के दो जवान कथित तौर पर शराब के नशे में सड़क किनारे बेसुध मिले। हैरानी की बात यह रही कि उनके पास एएसआई की INSAS सर्विस रायफल भी लावारिस हालत में पड़ी थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने दोनों जवानों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
संबंधित खबर: सार्वजनिक जगह पर नशे में मिले दो पुलिसकर्मी,पास में लावारिस पड़ी थी INSAS राइफल,सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अंबिकापुर में सड़क किनारे बेसुध मिले दुर्ग पुलिस के जवान
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में दुर्ग पुलिस के दो जवानों से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। दोनों पुलिसकर्मी सड़क किनारे नशे की हालत में बेसुध पड़े मिले। उनके पास एएसआई की INSAS सर्विस रायफल लावारिस हालत में पड़ी थी। स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की।
बंदी को जेल छोड़ने की मिली थी जिम्मेदारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक, 17 अक्टूबर को दोनों पुलिसकर्मियों को दुर्ग से एक बंदी को अंबिकापुर सेंट्रल जेल पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी। पेशी के बाद बंदी को वापस जेल दाखिल कराने का दायित्व भी उन्हीं के पास था।
संबंधित खबर: जांजगीर चांपा में शराब के नशे में स्कूल पहुंचे दो शिक्षक निलंबित
बस स्टैंड के बाहर नशे में मिले दोनों पुलिसकर्मी
जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर को बंदी को जेल में दाखिल कराने के बाद दोनों जवान दुर्ग लौटने के लिए प्रतीक्षा बस स्टैंड पहुंचे थे। शाम करीब 5:40 बजे वे बस स्टैंड के बाहर एक ठेले के पास बेसुध हालत में मिले। उनके पास INSAS रायफल भी पड़ी हुई थी।
मौके पर पहुंची पुलिस, रायफल कब्जे में ली
घटना की सूचना मिलने पर अंबिकापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रायफल को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल को पूरे मामले की जानकारी दी।

दुर्ग एसएसपी का एक्शन, दोनों जवान सस्पेंड
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने एएसआई जीवन प्रकाश एक्का और कॉन्स्टेबल ऋषिकांत त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दोनों को रक्षित केंद्र अटैच किया गया है। मामले की जांच रक्षित निरीक्षक को सौंपी गई है।
संबंधित खबर: Raipur: छत्तीसगढ़ में नशे में खतरनाक करतब,गले में जहरीला सांप लपेटकर घूमता रहा ग्रामीण, डसने के बाद अस्पताल से फरार
पांच दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश
अधिकारियों ने जांच अधिकारी को पांच दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और ड्यूटी के दौरान हथियार की सुरक्षा में किस स्तर पर लापरवाही बरती गई।




















