छिंदवाड़ा: बाथरूम में मौत की कहानी निकली झूठी, पति की हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार
छिंदवाड़ा/सौसर। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के सौसर क्षेत्र में एक व्यक्ति की बाथरूम में गिरने से हुई मौत का मामला हत्या में बदल गया। लोधीखेड़ा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12, बोरगांव में हुई इस घटना में पुलिस ने मृतक की पत्नी आशा नेहारे को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आया कि व्यक्ति की मौत गिरने से नहीं, बल्कि मारपीट और गला घोंटने से हुई थी।
बाथरूम में गिरने से मौत की दर्ज कराई थी रिपोर्ट
पुलिस विभाग की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीओपी सौसर प्रियंका पांडे ने बताया कि 13 अक्टूबर 2026 को हेमराज नेहारे, निवासी वार्ड नंबर 12, बोरगांव ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके बड़े भाई रविन्द्र नेहारे (42) की बाथरूम में गिरने से लगी चोटों के कारण मौत हो गई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव का निरीक्षण करने के दौरान मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद डॉक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में पता चला कि रविन्द्र नेहारे की मौत बाथरूम में गिरने से नहीं हुई थी। उनकी हत्या मारपीट करने और गला घोंटने से की गई थी। इसके बाद 17 अक्टूबर 2026 को लोधीखेड़ा थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 364/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में पत्नी पर जताया गया संदेह
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विदिता डागर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद और एसडीओपी सौसर प्रियंका पांडे के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक ए.बी. मर्सकोले के नेतृत्व में टीम ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की।पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी आशा नेहारे ने हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पैसों को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार आशा नेहारे सब्जी बेचने का काम करती है। उसने पूछताछ में बताया कि उसका पति रविन्द्र शराब पीने का आदी था और कथित तौर पर उसकी दुकान से पैसे लेकर शराब पी जाता था। आशा के बयान के मुताबिक 13 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे रविन्द्र दुकान से पैसे लेकर शराब पीने के बाद घर लौटा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस का कहना है कि विवाद के दौरान आशा ने रविन्द्र के साथ हाथ-मुक्कों और पैरों से मारपीट की। इसके बाद सफेद गमछे के कपड़े के टुकड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
बाथरूम में गिरने की बताई थी कहानी
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद घटना छिपाने के लिए आशा ने रिश्तेदारों को बताया कि रविन्द्र की मौत बाथरूम में गिरने से हुई है। शुरुआती सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद मामले की दिशा बदल गई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसे 19 अक्टूबर 2026 को सौसर स्थित न्यायालय में पेश किए जाने की जानकारी दी गई है।
पांढुर्णा ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, 45 लाख के गहने बरामद; 6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम की रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक ए.बी. मर्सकोले, उपनिरीक्षक लेखराम पहाड़े, सहायक उपनिरीक्षक मोहन पवार और श्यामनारायण सिंह सिसोदिया सहित प्रधान आरक्षक रामभरोस साहू, महिला आरक्षक सावित्री धुर्वे, मंदा धुर्वे और आरक्षक चालक लाखन चौहान की भूमिका रही।






















