ग्वालियर हादसे के घायलों से मिले CM मोहन यादव, मृतकों के परिजनों को 4 लाख की सहायता

ग्वालियर। शीतला माता मंदिर के पास हुए दर्दनाक हादसे में घायल लोगों से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर में मुलाकात की। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उनका हाल जाना और बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। जरूरत पड़ने पर गंभीर रूप से घायल मरीजों को एयर एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जीआर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आर.के.एस. धाकड़ और चिकित्सकों से चर्चा कर घायलों के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले और इलाज में किसी तरह की कमी न रहे। मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से घायल मरीजों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने और उनके उपचार की नियमित समीक्षा करने को कहा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में उपचार की व्यवस्था पर लगातार नजर रखें और मरीजों तथा उनके परिजनों को जरूरी सहयोग उपलब्ध कराएं।
मृतकों के परिजनों को 4 लाख, घायलों को भी आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। गंभीर रूप से घायल लोगों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता घायलों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराना है। हादसे की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और जांच में जो भी अन्य लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ट्रामा सेंटर में सात घायलों का इलाज जारी
शीतला माता मंदिर के पास हुई दुर्घटना में घायल सात लोगों का जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। इनमें ग्वालियर के हुजरात पुल क्षेत्र निवासी 36 वर्षीय संजय शर्मा और सिंधियानगर निवासी 19 वर्षीय कल्पना की हालत गंभीर बताई गई है। इसके अलावा माधवीनगर खताईपुरा निवासी 20 वर्षीय शुभम राठौर, हजीरा क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय सोनू, ठाठीपुर निवासी 19 वर्षीय अभिषेक जाटव, टेकनपुर निवासी 28 वर्षीय राजबहादुर क्षेत्री और श्योपुर जिले के दूजापुर गांव निवासी सात वर्षीय दिव्यांश का भी इलाज जारी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सभी घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए बेहतर उपचार का भरोसा दिया।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया समेत जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और सांसद भारत सिंह कुशवाह भी ट्रामा सेंटर पहुंचे। इस दौरान अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत, भाजपा के शहर जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया और ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हादसे में 15 लोगों की हुई थी मौत
प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक शनिवार रात ग्वालियर जिले की सातऊ ग्राम पंचायत में शीतला माता मंदिर के समीप हुए हादसे में 15 लोगों की मौत हुई थी जबकि करीब 26 लोग घायल हुए थे। घायलों में से सात मरीज फिलहाल ट्रामा सेंटर में भर्ती हैं। सामान्य रूप से घायल लोगों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।




















