कानपुर से काटपाडी जा रहीं 68 वर्षीय महिला की ट्रेन में सांस फूली, आधी रात उपलब्ध कराया ऑक्सीजन सिलेंडर

भोपाल। ट्रेन में सफर के दौरान एक महिला यात्री तबीयत बिगड़ी तो भोपाल रेल मंडल के अधिकारी कर्मचारियों ने आधी रात ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराया। मामला मंगलवार 10 जनवरी रात करीब 22:40 बजे का है। अधिकारियों के मुताबिक गाड़ी संख्या 12521 बरौनी-एर्नाकुलम राप्ती सागर एक्सप्रेस के कोच नंबर ए-2 की बर्थ नंबर-47 पर कानपुर से काटपाडी की यात्रा कर रही 68 वर्षीय महिला यात्री तारापति घोष ने सांस फूलने शिकायत की। उन्होंने कोच कंडक्टर मनोज सोनकिया को बताया, तो मनोज ने यह जानकारी भोपाल मंडल के वाणिज्य कंट्रोल रूम को भेजी।
महिला की हालत अब ठीक
भोपाल स्टेशन पर उप स्टेशन प्रबन्धक (वाणिज्य) अखिलेश खरे ने तुरंत रेलवे के डॉक्टर को सूचित किया और गैर सरकारी संगठन के वाइस चैयरमैन अभिषेक मकवाने से संपर्क किया गया। उन्होंने मकवाने से ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था करवाने को कहा तो उन्होंने तुरंत जंबो सिलेंडर उपलब्ध कराया। भोपाल स्टेशन पर रेलवे के डॉक्टर जोशी, पैरामेडिकल स्टाफ के साथ-साथ पुलिस सहयोगी दल भी मौजूद रहा। गाड़ी के भोपाल स्टेशन पर पहुंचने पर महिला को ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि महिला पहले से ही बीमार थीं। उनके पास छोटा सिलेंडर था, जिसकी ऑक्सीजन खत्म हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि अब महिला की स्थिति ठीक है।पहले भी स्टेशन पर पहुंचाई मदद
16 दिसंबर 22: रायपुर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस से ब्रेन हेमरेज से पीड़ित यात्री 40 वर्षीय कैदार सिंह को रात 1 बजे डिप्टी स्टेशन मास्टर जावेद अंसारी ने एनजीओ की मदद से जंबो सिलेंडर उपलब्ध कराया। 1 अप्रैल 2022 : रात 2:10 बजे 24 दिन की बच्ची के पिता ने चलती ट्रेन में ऑक्सीजन के लिए सोशल मीडिया पर मदद की गुहार लगाई। राजधानी एक्सप्रेस के भोपाल स्टेशन पर पहुंचने से पहले ही 5 ऑक्सीजन सिलेंडर लोगों ने पहुंचा दिए। 6 अप्रैल 2022 : मुंबई से एम्स दिल्ली इलाज के लिए जा रहे 67 वर्षीय कैंसर पीड़ित बालकराम की हालत रास्ते में गंभीर हो गई। राजधानी एक्सप्रेस को इटारसी स्टेशन पर रुकवाया गया। वहां रेलवे के डॉक्टरों ने मरीज को न सिर्फ अटेंड किया, बल्कि ऑक्सीजन सिलेंडर भी उपलब्ध कराया। भोपाल स्टेशन ट्रेन पहुंची तो मरीज को 108 एंबुलेंस से जवाहरलाल कैंसर अस्पताल पहुंचाया गया।सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सम्माननीय यात्रियों को जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने के साथ-साथ उनकी आवश्यकतानुसार सहायता पहुंचाने में भी कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दे रहे हैं। वाणिज्य कर्मचारियों द्वारा महिला रेल यात्री को तत्परता पूर्वक तत्काल सहायता पहुंचाने का काम सराहनीय है। - प्रियंका दीक्षित, वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधकभोपाल की अन्य खबरें...












