अमित शाह पर टिप्पणी से जुड़े मानहानि केस में आज फैसला, राहुल गांधी को सुल्तानपुर कोर्ट में रहना होगा मौजूद!

उत्तर प्रदेश। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से जुड़े पुराने मानहानि मामले में सोमवार, 26 अक्टूबर को सुल्तानपुर की विशेष MP-MLA अदालत में फैसला सुनाया जाना तय किया गया है। यह मामला वर्ष 2018 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को लेकर की गई टिप्पणी से जुड़ा है। भाजपा नेता विजय मिश्रा ने इस बयान पर आपत्ति जताते हुए अदालत में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने अपनी दलीलें पेश कीं। अब अदालत के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं। अदालत ने राहुल गांधी को निर्णय के समय मौजूद रहने का निर्देश दिया है।
क्या है राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला?
यह विवाद मई 2018 का है, जब राहुल गांधी कर्नाटक विधानसभा चुनाव के प्रचार में जुटे थे। उस दौरान बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को लेकर टिप्पणी की थी। शिकायतकर्ता विजय मिश्रा का आरोप था कि इस बयान से अमित शाह की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। इसी आधार पर उन्होंने सुल्तानपुर की MP-MLA अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर किया था। शिकायत में उस टिप्पणी का भी जिक्र किया गया, जिसमें राहुल गांधी ने भाजपा की राजनीति और उसके तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर सवाल उठाए थे। यह बयान सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ मामले के संदर्भ में दिया गया था। इस मामले में मुंबई की विशेषCBI अदालत ने वर्ष 2014 में अमित शाह को आरोपमुक्त कर दिया था।
शिल्पा राव की परफॉर्मेंस बीच में रोकी, बंद किया माइक; सिंगर बोलीं- मेरा दिल टूट गया
दोनों पक्षों ने अदालत में क्या दलीलें दीं?
मामले की सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता पक्ष ने अपने समर्थन में तीन गवाहों के बयान दर्ज कराए। इनमें विजय मिश्रा, अनिल मिश्रा और रामचंद दुबे शामिल बताए गए हैं। शिकायतकर्ता की ओर से दलील दी गई कि राहुल गांधी की टिप्पणी से मानहानि हुई और उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, राहुल गांधी के अधिवक्ता ने अपनी लिखित बहस में बयान को स्वीकार करते हुए कहा कि उसे संदर्भ से अलग करके पेश किया गया। बचाव पक्ष ने अपने तर्कों के जरिए शिकायतकर्ता के आरोपों पर सवाल उठाए। 13 अक्टूबर को दोनों पक्षों की बहस पूरी होने के बाद अदालत ने निर्णय के लिए मामला सुरक्षित रख लिया था।
'कहीं भी युद्ध, हर जगह शांति को खतरा', जयशंकर की दुनिया को चेतावनी! आतंकवाद पर भी दिखाए सख्त तेवर
कोर्ट में पेशी को लेकर सुरक्षा के इंतजाम
राहुल गांधी के अदालत पहुंचने की संभावना को देखते हुए न्यायालय परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की गई है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के अनुसार, पार्टी को उनके सुल्तानपुर आने की जानकारी मिली थी। राहुल गांधी के सुबह करीब 11 बजे अदालत पहुंचने की संभावना जताई गई थी। इस मामले में राहुल गांधी फरवरी 2024 में अदालत में पेश हुए थे। उस समय उन्होंने आत्मसमर्पण किया था और अदालत से उन्हें जमानत मिल गई थी। इसके बाद से वह मामले में जमानत पर हैं।




















