Mallikarjun Kharge Controversy: ‘बाप भी जाएगा’! खरगे के बयान पर देशभर में बवाल, अमित शाह ने कांग्रेस को घेरा; पटना में शिकायत दर्ज

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए बयान पर देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस टिप्पणी को प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता का अपमान बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के अन्य नेताओं ने भी बयान की आलोचना की है। वहीं, बिहार की राजधानी पटना में खरगे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराकर मामले की जांच की मांग की गई है। विवाद के बीच भाजपा ने देशभर में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का बचाव करते हुए दावा किया है कि उनके बयान को संदर्भ से अलग करके पेश किया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर पटना में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में ऐसा क्या हुआ, जिससे BJP और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं?
श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के कार्यक्रम में क्या हुआ?
यह पूरा विवाद बिहार की राजधानी पटना स्थित बापू सभागार में आयोजित कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान सामने आया। यह कार्यक्रम बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे संबोधित कर रहे थे। खरगे SIR में गड़बड़ी करने वालों को जेल भेजने की बात कर रहे थे इसी बीच एक शख्स ने कहा, ‘मोदी नहीं जाएंगे।’ इस पर खड़गे ने जवाब दिया, ‘मोदी का बाप भी जाएगा।’ भाजपा ने इस टिप्पणी को प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति अपमानजनक बताया है। हालांकि, कांग्रेस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम को उसके संदर्भ में समझना जरूरी है।
खरगे के खिलाफ पटना में शिकायत
खरगे के बयान को लेकर बिहार भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य कृष्ण कुमार ने पटना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच करने की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि उन्होंने टेलीविजन पर प्रसारित खबरों के माध्यम से कथित टिप्पणी के बारे में जाना और इससे उन्हें ठेस पहुंची। उनका कहना है कि सार्वजनिक मंचों से किसी व्यक्ति के परिवार के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करना गंभीर विषय है। शिकायतकर्ता ने सार्वजनिक जीवन में मर्यादा, गरिमा और आपसी सम्मान बनाए रखने की जरूरत पर भी जोर दिया है।
PM मोदी ने किया RBI के डेटा सेंटर का उद्घाटन, साइबर सुरक्षा को मिलेगी मजबूती
गृह मंत्री ने कांग्रेस पर साधा निशाना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खरगे की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने मर्यादाओं को तार-तार कर दिया है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि राजनीतिक विरोध के दौरान प्रधानमंत्री और उनके परिवार को लेकर इस तरह की टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी बयान की आलोचना की। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खरगे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की है। भाजपा इस पूरे मामले को राजनीतिक शिष्टाचार और सार्वजनिक जीवन की मर्यादा से जोड़कर उठा रही है।
Congress ने किया खरगे का बचाव
भाजपा के आरोपों के बीच कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खरगे का बचाव किया है। पार्टी का दावा है कि कार्यक्रम के दौरान भाजपा के एक कार्यकर्ता ने पहले खरगे के दिवंगत पिता का अपमान किया था। कांग्रेस के मुताबिक, खरगे ने इसी संदर्भ में जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी के कथित ‘वैचारिक पिता’ यानी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का जिक्र किया था। पार्टी का कहना है कि उनके बयान को पूरे संदर्भ से अलग करके प्रस्तुत किया जा रहा है। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों में खरगे के साथ अपमानजनक व्यवहार की यह दूसरी घटना है। पार्टी ने अगस्त में उत्तराखंड की एक रैली के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना का भी उल्लेख किया।



















