Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुना में महिलाओं के लिए बड़ी पहल: 25वें नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 215 महिलाओं की जांच, अब तक 4 हजार महिलाओं को मिला लाभ

गुना में डॉ. सतीश राजपूत एवं टीम हेल्थ के 25वें नि:शुल्क महिला स्वास्थ्य शिविर में 215 महिलाओं की जांच हुई। अब तक 25 शिविरों में करीब 4,000 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है।
गुना में महिलाओं के लिए बड़ी पहल: 25वें नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 215 महिलाओं की जांच, अब तक 4 हजार महिलाओं को मिला लाभ

मध्य प्रदेश के गुना में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर डॉ. सतीश राजपूत एवं टीम हेल्थ की ओर से लगातार सराहनीय पहल की जा रही है। रविवार, 25 अक्टूबर को मानस भवन में आयोजित 25वें नि:शुल्क महिला स्वास्थ्य शिविर में 215 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें अपनी सेहत के प्रति जागरूक करना रहा।

महिला हर परिस्थिति का करती है सामना: शैलजा गुप्ता

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश शैलजा गुप्ता ने महिलाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सृष्टि में महिला एक ऐसी अनोखी प्राणी है, जो हर परिस्थिति का डटकर सामना करती है। महिलाएं परिवार की धुरी होती हैं और उनके बिना परिवार की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन का वास होता है, इसलिए महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

40 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं नियमित जांच कराएं

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट वंदना त्रिपाठी ने डॉ. सतीश राजपूत के सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने महिलाओं से नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही 40 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलावों के प्रति सजग रहने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी।

डिप्टी कलेक्टर देवांशु शिवहरे ने कहा कि महिलाएं परिवार की देखभाल करते हुए अक्सर अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देती हैं। उन्होंने अभिभावकों से बचपन से ही बेटियों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने और महिलाओं से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर लापरवाही नहीं बरतने का आह्वान किया।

25 शिविरों में करीब 4 हजार महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण

डॉ. सतीश राजपूत एवं टीम हेल्थ की इस पहल के तहत अब तक 25 नि:शुल्क महिला स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में करीब 4,000 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है। इनमें 1,500 से अधिक महिलाएं बीपीएल कार्डधारी हैं।

डॉ. सतीश राजपूत ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण कई महिलाएं बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देती हैं या समय पर डॉक्टर के पास नहीं पहुंच पातीं। इससे सामान्य बीमारी भी गंभीर रूप ले सकती है। ऐसे में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद महिलाओं के लिए राहत का माध्यम बन रहे हैं।

टीम हेल्थ के सहयोग से सफल हुआ शिविर

शिविर के आयोजन में टीम हेल्थ के सदस्यों और अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन करणसिंह ठाकुर एवं राजकुमार रजक ने किया। आयोजन में डॉ. प्रिया विश्वास, सीमा लोधी, लता, पूजा धाकड़, काजल लोधी, सिमरन पंथी, मोनिका कुशवाह सहित अनेक सहयोगियों का योगदान रहा।

Rajkumar Rajak
By Rajkumar Rajak

Latest Posts