आशीष कटारे
ग्वालियर। पंजाब में बाढ़ का असर बासमती चावल की कीमतों पर पड़ने लगा है। बीते एक हफ्ते में ही इसके दाम 8-10 रुपए किलो तक बढ़ गए हैं। करीब एक सप्ताह पहले जो बासमती चावल 160 रुपए किलो बिक रहा था, वह 170 रुपए तक पहुंच गया है। दाल बाजार स्थित थोक कारोबारियों ने बताया कि अन्य चावल यूपी से आते हैं, लेकिन बासमती अधिकतर पंजाब से आता है। उनके अनुसार, बासमती चावल की नई फसल दीपावली पर आनी थी, लेकिन बाढ़ से अधिकतर फसल प्रभावित हुई है। इसी वजह से कंपनियों ने दामों में इजाफा कर दिया है। यही नहीं, जिन कंपनियों ने दाम नहीं बढ़ाए हैं, उन्होंने डीलर्स के आॅफर बंद कर दिए हैं।
-पंजाब में इस साल बासमती और गैर बासमती चावल का रकबा करीब 32.49 लाख हेक्टेयर है।
-एक रिपोर्ट के अनुसार बाढ़ से लगभग 1.5 लाख एकड़ में बासमती की फसल प्रभावित हुई है।
-इससे उत्पादन में 20-25 प्रतिशत तक गिरावट आने की आशंका है।
-गुरदासपुर, पठानकोट, फाजिल्का, कपूरथला, तरनतारन, फिरोजपुर, होशियारपुर और अमृतसर बाढ़ से ज्यादा प्रभावित।
-एपीडा के अनुसार, इन जिलों की राज्य के बासमती उत्पादन में में संयुक्त हिस्सेदारी 52 प्रतिशत से ज्यादा है।
-पंजाब ने खरीफ 2023 के दौरान 8.12 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में 3.84 मीट्रिक टन बासमती चावल का उत्पादन किया था।
-2024-25 में भारत के 6.07 मिलियन टन बासमती चावल निर्यात में पंजाब की हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत है।
ग्वालियर में बासमती चावल पंजाब से आता है। वहां पर हाल ही में बाढ़ की वजह से फसल नष्ट हो चुकी है। इसी वजह से एक सप्ताह में इसके दाम 8-10 रुपए किलो तक बढ़ गए हैं। इसके दाम और तेज होने वाले हैं।
-कपिल मोटवानी, थोक चावल कारोबारी