Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Peoples Update Special :मंडला में ‘प्रोजेक्ट संकल्प’ से बदलेगी शिक्षा की तस्वीर, सरकारी स्कूलों के छात्रों को मिलेगी JEE-NEET की मुफ्त तैयारी

मंडला के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए 'प्रोजेक्ट संकल्प' शुरू किया गया है। इसके तहत 80 स्कूलों में छात्रों को JEE, NEET, CUET और CLAT जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी कराई जाएगी। डिजिटल लर्निंग, मॉक टेस्ट और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
मंडला में ‘प्रोजेक्ट संकल्प’ से बदलेगी शिक्षा की तस्वीर, सरकारी स्कूलों के छात्रों को मिलेगी JEE-NEET की मुफ्त तैयारी
मंडला में ‘प्रोजेक्ट संकल्प’ से बदलेगी शिक्षा की तस्वीर

पुष्पेंद्र सिंह,भोपाल। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अब मंडला जिले के विद्यार्थियों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को अपने ही जिले में JEE, NEET, CUET और CLAT जैसी परीक्षाओं की नि:शुल्क तैयारी का अवसर मिलेगा। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे की पहल पर जिले में ‘प्रोजेक्ट संकल्प’ की शुरुआत की गई है। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

80 सरकारी स्कूलों में शुरू होगी नि:शुल्क कोचिंग

प्रोजेक्ट संकल्प के पहले चरण में जिले के 80 शासकीय विद्यालयों को शामिल किया गया है। यहां कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। विद्यार्थियों के लिए सुबह 9:30 बजे से 11 बजे तक और शाम 4:30 बजे से 5 बजे तक नि:शुल्क कोचिंग कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इस पहल के तहत विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल माध्यमों से पढ़ाई की सुविधा भी मिलेगी।

फिजिक्स वाला के सहयोग से मिलेगी डिजिटल लर्निंग सुविधा

प्रोजेक्ट संकल्प को सफल बनाने के लिए शिक्षण संस्था फिजिक्स वाला (PW) के साथ समन्वय किया गया है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को-

  • रिकॉर्डेड लेक्चर की सुविधा
  • डाउट क्लियरिंग सेशन
  • विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन
  • डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म
  • साप्ताहिक टेस्ट और मॉक टेस्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

JEE, NEET सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं की होगी तैयारी

इस योजना के तहत विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं के साथ-साथ अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार किया जाएगा। प्रोजेक्ट संकल्प में JEE, NEET, CUET, CLAT जैसी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसके अलावा विद्यार्थियों को फॉर्म भरने में सहायता, करियर विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, चिकित्सकों और इंजीनियरों के गेस्ट लेक्चर जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।

ये भी पढ़ें: रायसेन में शुरू होगा LLB पाठ्यक्रम, अब कानून की पढ़ाई के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूसरे शहरों में

महंगी कोचिंग के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं

शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय मंडला की कक्षा 12वीं की छात्रा अंतरा पांडे ने कहा कि अब विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जबलपुर, भोपाल जैसे शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि जिले में ही बेहतर कोचिंग मिलने से छात्रों का समय और आर्थिक खर्च दोनों बचेंगे। इससे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर

कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि प्रोजेक्ट संकल्प का उद्देश्य जिले के हर विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को अवसरों की कमी नहीं होने दी जाएगी। योजना को इस तरह तैयार किया गया है कि विद्यार्थियों को बिना किसी खर्च के लगातार कोचिंग की सुविधा मिलती रहे।

ये भी पढ़ें: दवा में HIV होने के दावे पर हाईकोर्ट सख्त: कहा- बिना वैज्ञानिक जांच के दायर हुई याचिका, पब्लिसिटी का जरिया नहीं बन सकती अदालत

शिक्षा क्षेत्र में नया मॉडल बन सकता है मंडला

पीएचई मंत्री संपतिया उइके ने इस पहल को ग्रामीण प्रतिभाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक विद्यार्थी इस योजना का लाभ लें। वहीं स्थानीय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि यह पहल मंडला के शिक्षा क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी मॉडल साबित हो सकती है। आधुनिक संसाधनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को नई पहचान मिलेगी और यह प्रयोग भविष्य में दूसरे जिलों के लिए भी उदाहरण बन सकता है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts