शिवपुरी में ईद मिलाद-उन-नबी पर दिखी सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल, रक्षाबंधन के साथ नजर आईं शुभकामनाएं

ईद मिलाद-उन-नबी के मौके पर शिवपुरी शहर में निकाले गए जुलूस के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होकर निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और फूलों की वर्षा की।
एक साथ दिखीं ईद और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं
जुलूस के दौरान शहर में लगे होर्डिंग्स ने खास तौर पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कई जगह ईद मिलाद-उन-नबी की शुभकामनाओं वाले होर्डिंग्स लगाए गए थे, तो वहीं रक्षाबंधन पर्व की बधाई देने वाले संदेश भी नजर आए। कुछ स्थानों पर ऐसे होर्डिंग्स भी दिखाई दिए, जिनमें ईद मिलाद-उन-नबी और रक्षाबंधन दोनों पर्वों की एक साथ शुभकामनाएं दी गई थीं। इससे शहर में दोनों समुदायों के बीच आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश नजर आया।
ये भी पढ़ें: घंसौर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया ईद-ए-मिलाद-उन-नबी, निकली भव्य रैली
प्रमुख चौराहों से गुजरा जुलूस
ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर निकाला गया जुलूस शहर के व्यस्त और प्रमुख चौक-चौराहों से होकर गुजरा। जुलूस में बच्चे, युवा और बड़ी संख्या में समाजजन शामिल रहे। कई स्थानों पर लोगों ने जुलूस का स्वागत करते हुए फूल बरसाए। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह के साथ शहर में आपसी भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
ये भी पढ़ें: शहर कांग्रेस अध्यक्ष की कार गड्ढे में फंसी तो उसी गड्ढे में बैठ कर किया प्रदर्शन
जुलूस के कारण कुछ इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित
जुलूस के चलते शहर के कुछ प्रमुख हिस्सों में यातायात भी प्रभावित हुआ। कई मार्गों पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही धीमी रही और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि जुलूस के गुजरने के बाद यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हो गई।




















