PM In MP : चित्रकूट में पीएम मोदी बोले- नई भाषाओं ने पुरानी भाषाओं की ले ली जगह..... लेकिन हमारी संस्कृति आज भी अटल है

सतना। चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मध्य प्रदेश के चित्रकूट पहुंचे। मोदी को देखते ही लोगों ने जय श्री राम का उद्घोष किया। पीएम मोदी ने चित्रकूट में तुलसी पीठ के जगद्गुरु रामानंदाचार्य से मुलाकात की। पीएम ने चित्रकूट को अलौकिक बताते हुए कहा कि यहां प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण नित्य निवास करते हैं। मैंने हेलिकॉप्टर से कामदगिरी पर्वत की परिक्रमा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन LIVE....
- पीएम मोदी ने कहा- स्वामी रामभद्राचार्य की मेधा और ज्ञान पर दुनिया भर की यूनिवर्सिटी रिसर्च कर सकती हैं। अदालत से लेकर अदालत के बाहर तक जिस राम मंदिर के लिए उन्होंने योगदान दिया, वो भी तैयार होने जा रहा है। मेरा सौभाग्य मुझे इस अवसर पर मौजूद रहने का निमंत्रण मिला है।
- पीएम मोदी ने कहा- संस्कृत के प्रति गुलामी की मानसिकता रखने वालों ने बैर पाला, वे हजारों सालों से मौजूद संस्कृत का सम्मान नहीं करते, संस्कृत ही हमारी प्रगति और पहचान की भाषा है।
- पीएम मोदी ने कहा - संस्कृत भाषा के जरिए ही शास्त्र और शस्त्र की जानकारी मिली है। हर पक्ष में संस्कृत के योगदान के दर्शन होते हैं। दुनिया भर की यूनिवर्सिटी में संस्कृत पर रिसर्च हो रही है।
- पीएम मोदी ने कहा, दूसरे देश के लोग मातृभाषा जाने तो ये लोग प्रशंसा करेंगे लेकिन संस्कृत भाषा जानने को ये पिछड़ेपन की निशानी मानते हैं। इस मानसिकता के लोग पिछले एक हजार साल से हारते आ रहे हैं और आगे भी कामयाब नहीं होंगे।
- पीएम मोदी ने कहा, "दुनिया में इन हजारों वर्षों में कितनी ही भाषाएं आईं और चली गईं। नई भाषाओं ने पुरानी भाषाओं की जगह ले ली। लेकिन हमारी संस्कृति आज भी उतनी ही अक्षुण्ण और अटल है। संस्कृत समय के साथ परिष्कृत तो हुई लेकिन प्रदूषित नहीं हुई।
- पीएम मोदी ने कहा- आज जिन पुस्तकों का विमोचन हुआ वे जगदगुरू के आशीर्वाद का रूप, अष्टाध्यायी भारत के भाषा विज्ञान और शोध संस्कृति का ग्रंथ हैं।





















