PIMS में एक्सपर्ट्स की चर्चा:विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर खास आयोजन, टॉपर्स को Academic Excellence अवॉर्ड

भोपाल। तेजी से बदलती इस डिजिटल दुनिया में जहां हर सेकंड खबर बनती और फैलती है, वहां सच की अहमियत पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है। इसी सोच के साथ पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज (PIMS), भोपाल में विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश था AI and Misinformation। यह सिर्फ एक थीम नहीं, बल्कि आने वाले समय की दिशा भी है।
विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में कई प्रतिष्ठित अतिथियों ने अपनी उपस्थिति से इसे गरिमामय बनाया। मुख्य अतिथि के रूप में अजय प्रकाश उपाध्याय, असिस्टेंट डायरेक्टर, PIB उपस्थित रहे। उनके साथ मनीष दीक्षित, स्टेट हेड पीपुल्स समाचार, डॉ. राजीव अग्निहोत्री, डिप्टी स्टेट हेड पीपुल्स समाचार, जितेंद्र शर्मा, डिजिटल हेड, पीपुल्स अपडेट और PIMS की प्राचार्य डॉ. तसनीम खान ने कार्यक्रम में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान संस्थान के सभी स्टाफ और छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली।
यह भी पढ़ें: केक, तालियां और मुस्कान… 18 साल का हुआ बदलते जमाने का अखबार


AI और गलत जानकारी पर गंभीर चर्चा
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण AI और मिसइन्फॉर्मेशन पर आयोजित पैनल डिस्कशन रहा। इस चर्चा में बताया गया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने जहां खबरों को तेज और आसान बना दिया है, वहीं फेक न्यूज़ का खतरा भी तेजी से बढ़ा है। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि पत्रकारों की जिम्मेदारी पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है। पहले जांच, फिर प्रसारण का सिद्धांत आज के समय में सबसे जरूरी हो गया है। अतिथियों ने बताया कि जानकारी या खबरों की पहचान और उसकी पुष्टि अभी भी इंसान की समझ पर निर्भर करती है।
यह भी पढ़ें: PIMS में बसंत पंचमी उत्सव : मां सरस्वती की पूजा से भक्तिमय हुआ परिसर, छात्रों ने ज्ञान और सफलता के लिए की कामना
Academic Excellence अवॉर्ड से सम्मानित हुए टॉपर्स
कार्यक्रम के दौरान स्टूडेंट्स फेलिसिटेशन प्रोग्राम 2025-26 का भी आयोजन किया गया, जिसमें Academic Excellence हासिल करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। गरिमा विश्वकर्मा ने प्रथम स्थान, सुरभि चौहान ने द्वितीय स्थान और मोहम्मद सैफ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन होनहार छात्रों को पुरस्कार के साथ कॉलेज की ओर से प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।


युगल बिहारी अग्निहोत्री की स्मृति में सम्मान
खास बात यह रही कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा को प्रोत्साहन राशि डॉ. राजीव अग्निहोत्री के पिता युगल बिहारी अग्निहोत्री की स्मृति में दी गई। युगल बिहारी अग्निहोत्री पत्रकारिता जगत का एक जाना-माना नाम रहे हैं। उन्होंने भोपाल से प्रकाशित दैनिक जागरण में संपादक के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
पत्रकारिता केवल खबर देने का माध्यम नहीं
कार्यक्रम में वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि पत्रकारिता केवल खबर देने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाने की जिम्मेदारी भी है। स्वतंत्र मीडिया लोकतंत्र की ताकत होती है और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को मजबूत बनाती है।
यह भी पढ़ें: स्कूली बच्चों का मीडिया एक्सप्लोर: PIMS में प्रिंट और डिजिटल की दुनिया देख चौंके छात्र
AI को लेकर छात्रों की जिज्ञासा
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्रों ने AI को लेकर कई जिज्ञासाएं और सवाल भी उठाए। उन्होंने पूछा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकार अपनी विश्वसनीयता कैसे बनाए रखें और फेक न्यूज की पहचान किस तरह करें। एक्सपर्ट्स ने इन सवालों का सरल और स्पष्ट जवाब देते हुए कहा कि तकनीक चाहे जितनी भी आगे बढ़ जाए, लेकिन तथ्य की जांच, नैतिकता और मानवीय समझ ही पत्रकारिता की असली पहचान है।



आने वाले पत्रकारों के लिए संदेश
कार्यक्रम का सबसे मजबूत संदेश युवाओं के लिए था आपकी आवाज मायने रखती है। आज के छात्र ही कल के पत्रकार हैं। ऐसे में उनकी सोच, उनकी जिम्मेदारी और उनकी ईमानदारी ही भविष्य की मीडिया को तय करेगा।




















