चुनाव खत्म... महंगाई की मार शुरू!पेट्रोल-डीजल के बाद CNG भी हुई महंगी, जानें नए रेट

15 मई को आम जनता को बड़ा झटका लगा। पेट्रोल-डीजल के बाद अब CNG की कीमत भी 2 रुपए प्रति किलो बढ़ गई है। दिल्ली में CNG 79.09 रुपए किलो पहुंच गई। जानिए नए रेट, बढ़ोतरी की वजह और इसका आम लोगों पर क्या असर पड़ेगा।
Follow on Google News
पेट्रोल-डीजल के बाद CNG भी हुई महंगी, जानें नए रेट

नई दिल्ली। 15 मई की सुबह आम जनता के लिए महंगाई की नई खबर लेकर आई। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब CNG के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं। राजधानी दिल्ली समेत कई शहरों में CNG 2 रुपए प्रति किलो महंगी हो गई है। नई दर लागू होने के बाद दिल्ली में CNG की कीमत 79.09 रुपए प्रति किलो पहुंच गई है।

इस बढ़ोतरी का सीधा असर ऑटो, टैक्सी, कैब ड्राइवरों और रोजाना वाहन चलाने वाले लाखों लोगों की जेब पर पड़ेगा। वहीं ट्रांसपोर्ट और डिलीवरी खर्च बढ़ने से आने वाले दिनों में अन्य जरूरी चीजें भी महंगी हो सकती हैं।

दिल्ली-NCR समेत कई शहरों में बढ़ी CNG की कीमत

दिल्ली-एनसीआर में CNG सप्लाई करने वाली इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने नई दरें लागू कर दी हैं। इससे पहले मुंबई में महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने भी CNG की कीमत में 2 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी की थी।

विभिन्न शहरों में CNG की नई कीमतें

शहर

नई कीमत (रुपए प्रति किलो)

दिल्ली

79.09

नोएडा

87.70

गाजियाबाद

87.70

ग्रेटर नोएडा

87.70

गुरुग्राम

84.12

रेवाड़ी

83.70

करनाल

83.43

कैथल

84.43

मेरठ

87.58

मुजफ्फरनगर

87.58

कानपुर

90.42

अजमेर

88.44

हापुड़

88.70

पेट्रोल और डीजल भी हुए महंगे

सरकार की ओर से पेट्रोल और डीजल के दामों में भी बढ़ोतरी की गई है। नई कीमतों के अनुसार-

पेट्रोल 3.14 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ।
डीजल 3.11 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ।

इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपए प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है।

यह भी पढ़ें: Petrol Diesel Price Hike : आम आदमी को महंगाई का झटका, देशभर में महंगा हुआ पेट्रोल- डीजल, दिल्ली में 3-3 रुपए प्रति लीटर बढ़े दाम

क्यों बढ़े CNG के दाम?

ऊर्जा कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्राकृतिक गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। भारत अपनी जरूरत का 50 प्रतिशत से ज्यादा प्राकृतिक गैस आयात करता है। ऐसे में गैस खरीदने की लागत बढ़ने का असर अब ग्राहकों पर डाला जा रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर दिखाई दे रहा है। हॉर्मुज स्ट्रेट में सप्लाई पर दबाव बढ़ने से कच्चे तेल और गैस की कीमतों में तेजी आई है। दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत तेल और गैस सप्लाई का रास्ता इसी क्षेत्र से गुजरता है। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों में अस्थिरता बनी हुई है।

पेट्रोल पंपों पर लगी भीड़

कीमत बढ़ने की खबर सामने आते ही दिल्ली और आसपास के इलाकों में कई पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें देखने को मिलीं। लोगों ने कीमतें बढ़ने से पहले टैंक फुल कराने की कोशिश की।

Breaking News

विपक्ष ने सरकार को घेरा

पेट्रोल, डीजल और CNG के दाम बढ़ने के बाद विपक्ष ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया गया। कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने कहा कि, चुनाव तक राहत का दिखावा किया गया और अब जनता पर सीधा आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

वहीं TMC नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता पहले वोट देती है और फिर महंगाई की मार झेलती है। शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने तंज कसते हुए लिखा कि, रुपया, पेट्रोल और डीजल में पहले कौन सेंचुरी पार करेगा।

हालांकि, कुछ नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय हालात को कीमत बढ़ने की वजह बताया है। उनका कहना है कि, वैश्विक संकट के बावजूद भारत में बढ़ोतरी सीमित रखी गई है।

ऑटो-टैक्सी किराया बढ़ने की संभावना

मुंबई में CNG महंगी होने के बाद ऑटो और टैक्सी यूनियनों ने किराया बढ़ाने की मांग शुरू कर दी है। यूनियनों का कहना है कि मौजूदा किराए में वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। अब दिल्ली में भी CNG महंगी होने के बाद ऑटो, टैक्सी और कैब किराए में बढ़ोतरी की संभावना बढ़ गई है। इसका असर रोज सफर करने वाले लोगों पर पड़ सकता है।

आम आदमी की जेब पर दोहरी मार

एक तरफ पेट्रोल-डीजल महंगे हुए हैं, दूसरी तरफ CNG की कीमत भी बढ़ गई है। ऐसे में निजी वाहन चलाने से लेकर सार्वजनिक परिवहन तक का खर्च बढ़ना तय माना जा रहा है। अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं, तो आने वाले समय में महंगाई और बढ़ सकती है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts