‘लव एंड वॉर’ से रणबीर कपूर का फर्स्ट लुक OUT, खून से सनी शर्ट और मूंछों में दिखा रॉ अंदाज

संजय लीला भंसाली की मच अवेटेड फिल्म ‘लव एंड वॉर’ से रणबीर कपूर का पहला लुक सामने आ गया है। बुधवार को जारी किए गए पोस्टर में रणबीर कपूर बिल्कुल अलग और इंटेंस अंदाज में नजर आ रहे हैं। पोस्टर में रणबीर मोटी मूंछों, गॉगल्स और खून के दाग वाली शर्ट पहने दिखाई दे रहे हैं। उनका रफ और दमदार लुक फिल्म की डार्क और एक्शन से भरपूर कहानी की झलक देता है। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “वो रुतबा, वो रौब, वो जुनून!” इसके साथ बताया गया कि फिल्म 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
रणबीर के साथ आलिया और विक्की कौशल
‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर के साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल भी नजर आएंगे। तीनों कलाकार पहली बार एक ही फिल्म में साथ दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन संजय लीला भंसाली ने किया है। इसे हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु भाषा में भी रिलीज किया जाएगा।
कई बार बदली फिल्म की रिलीज डेट
‘लव एंड वॉर’ की रिलीज डेट पहले भी कई बार बदली जा चुकी है। फिल्म की घोषणा जनवरी 2024 में हुई थी और उस समय इसे क्रिसमस 2025 पर रिलीज करने की योजना थी। बड़े स्तर पर हो रही शूटिंग और प्रोडक्शन में लग रहे ज्यादा समय के चलते इसकी रिलीज आगे बढ़ाई गई। इसके बाद मार्च 2026 और फिर 14 अगस्त 2026 की रिलीज डेट को लेकर भी चर्चा हुई। फिल्म में बड़े वीएफएक्स और हवाई एक्शन सीन्स पर काम के चलते प्रोडक्शन में ज्यादा समय लगा। अब मेकर्स ने इसकी रिलीज 21 जनवरी 2027 तय की है।
भंसाली के साथ विक्की की पहली फिल्म
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट इससे पहले संजय लीला भंसाली के साथ काम कर चुके हैं। रणबीर ने 2007 में भंसाली की फिल्म ‘सांवरिया’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। वहीं, आलिया भट्ट ने 2022 में रिलीज हुई ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ में भंसाली के साथ काम किया। इस फिल्म में आलिया ने गंगूबाई का किरदार निभाया था और उन्हें इस भूमिका के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान मिला। विक्की कौशल पहली बार संजय लीला भंसाली के निर्देशन में काम कर रहे हैं।
फिल्म के सेट पर हुआ था हादसा
‘लव एंड वॉर’ जून 2026 में फिल्म के सेट पर हुए एक हादसे के बाद भी चर्चा में रही थी। 17 जून को मुंबई के फिल्मसिटी के पास रॉयल पंप स्टूडियो में 42 वर्षीय कारपेंटर चंद्रधारी सिंह यादव की करंट लगने से मौत हो गई थी। शुरुआती रिपोर्टों में हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई थी। हादसे के बाद भंसाली प्रोडक्शंस ने मृतक के परिवार को 40 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की थी। इसके बाद FWICE ने मुआवजा बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने की मांग की थी। संगठन ने मृतक के बच्चों की पढ़ाई और उनकी पत्नी को रोजगार देने की अपील भी की थी।
वहीं, AICWA ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर मामले की जांच और FIR की मांग की थी। संगठन ने परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये मुआवजे और फिल्म सेट पर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की मांग भी उठाई थी। फिलहाल, फिल्म की रिलीज डेट 21 जनवरी 2027 तय है और रणबीर के फर्स्ट लुक ने फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है।




















