‘वेलकम’ के मुश्ताक खान नहीं रहे, कैंसर से जूझ रहे एक्टर ने 56 की उम्र में ली आखिरी सांस

फिल्म इंडस्ट्री से दुखद खबर सामने आई है। ‘वेलकम’, ‘आशिकी’ और ‘मुझसे शादी करोगी’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके अभिनेता मुश्ताक खान का 56 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने गुरुवार, 24 सितंबर 2026 को आखिरी सांस ली। उनके बिजनेस पार्टनर शिवम यादव ने उनके निधन की पुष्टि की है।
कैंसर से जूझ रहे थे मुश्ताक खान
रिपोर्टों के मुताबिक, मुश्ताक खान पिछले करीब 15 दिनों से मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती थे। वह कैंसर से जूझ रहे थे और हाल ही में उनकी बीमारी दोबारा सामने आई थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। उनके बिजनेस पार्टनर शिवम यादव के मुताबिक, मुश्ताक खान को पहले भी कैंसर था। हालात बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

‘वेलकम’ समेत इन फिल्मों में किया काम
मुश्ताक खान ने अपने लंबे करियर में कई फिल्मों में सपोर्टिंग और कॉमेडी किरदार निभाए। ‘वेलकम’, ‘गदर’, ‘आशिकी’, ‘मुझसे शादी करोगी’ और ‘हम हैं राही प्यार के’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया। 'वेलकम' में उनके किरदार ने खास तौर पर दर्शकों का ध्यान खींचा था। अपने अलग अंदाज और कॉमिक टाइमिंग से उन्होंने फिल्मों में अपनी पहचान बनाई।
निधन से कुछ समय पहले तक कर रहे थे काम
शिवम यादव के मुताबिक, मुश्ताक खान हाल ही में दिल्ली में एक शूटिंग कर रहे थे। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई वापस लाया गया। रिपोर्टों के अनुसार, उनकी तबीयत काफी खराब थी, लेकिन वह कुछ समय पहले तक काम कर रहे थे और उनके कई प्रोजेक्ट पाइपलाइन में थे।

2024 में किडनैपिंग का भी हुए थे शिकार
मुश्ताक खान नवंबर 2024 में एक किडनैपिंग मामले को लेकर भी चर्चा में आए थे। रिपोर्टों के मुताबिक, उन्हें एक इवेंट में शामिल होने के बहाने बुलाया गया था। इसके बाद उन्हें कार से ले जाकर बंधक बनाया गया था।
रिपोर्टों में दावा किया गया था कि बदमाशों ने उनसे फिरौती की मांग की थी। बाद में मुश्ताक खान किसी तरह उनके चंगुल से निकलने में कामयाब हुए और उन्होंने पूरी घटना के बारे में बताया था। मुश्ताक खान के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर है। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।




















