एक बार फिर कटघरे में ‘India’s Got Latent’! Netflix India और मुकेश छाबड़ा के खिलाफ FIR दर्ज

समय रैना का चर्चित शो ‘India’s Got Latent’ एक बार फिर विवादों में घिर गया है। शो के एक एपिसोड में आपत्तिजनक और यौन संकेत वाली भाषा के इस्तेमाल को लेकर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा और Netflix India के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता अनुराग श्रीवास्तव के अनुसार, वह 22 सितंबर 2026 की शाम मुंबई पहुंचे थे। होटल के कमरे में लैपटॉप पर Netflix देखते समय उन्होंने शो का एक एपिसोड देखा। इस एपिसोड में अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी, अभिनेता और यूट्यूबर भुवन बाम, मुकेश छाबड़ा, स्टैंड-अप कॉमेडियन कौस्तुभ अग्रवाल और शो के होस्ट समय रैना शामिल थे।
एपिसोड में आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप
शिकायत में दावा किया गया है कि एपिसोड के दौरान कुछ ऐसी टिप्पणियां की गईं, जिन्हें शिकायतकर्ता ने आपत्तिजनक और यौन संकेत वाली भाषा बताया है। शिकायत में मुकेश छाबड़ा से जुड़ी एक टिप्पणी का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस तरह की भाषा का सार्वजनिक मंच पर इस्तेमाल दर्शकों पर गलत असर डाल सकता है। हालांकि, शिकायत में खुद यह भी कहा गया है कि कथित बयान की सच्चाई, आवाज की पहचान, बातचीत का पूरा संदर्भ और वीडियो में उसका सही समय मूल और बिना एडिट किए गए वीडियो से जांचना जरूरी है। यानी फिलहाल इन आरोपों को जांच के बाद ही पूरी तरह सत्यापित किया जा सकता है।
बच्चों तक ऐसे कंटेंट की पहुंच पर उठाया सवाल
अनुराग श्रीवास्तव ने शिकायत में कहा है कि अगर कथित बयान की पुष्टि होती है, तो इससे दर्शकों, खासकर कम उम्र के लोगों तक इस तरह की भाषा पहुंचने को लेकर सवाल खड़े होते हैं। शिकायतकर्ता ने Netflix India की भूमिका की जांच की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया है कि इस तरह की सामग्री को प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किए जाने से पहले उसकी समीक्षा किस स्तर पर की गई थी।
Netflix India के कंटेंट प्रमुख की भूमिका पर भी सवाल
शिकायत में Netflix India की कंटेंट प्रमुख मोनिका शेरगिल की भूमिका की भी जांच की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने यह जानने की मांग की है कि शो के एपिसोड को स्ट्रीम करने से पहले प्लेटफॉर्म की कंटेंट समीक्षा और मंजूरी की प्रक्रिया क्या थी। यानी शिकायत का एक बड़ा हिस्सा सिर्फ कथित टिप्पणी तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कंटेंट की जांच और उसे दर्शकों के लिए उपलब्ध कराने की प्रक्रिया से भी जुड़ा है।
समय रैना को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, दिव्यांगों पर टिप्पणी मामले में सभी FIR रद्द
पहले भी बड़े विवाद में रहा है ‘India’s Got Latent’
यह पहली बार नहीं है जब ‘India’s Got Latent’ विवादों में आया हो। इससे पहले फरवरी 2025 में शो के एक एपिसोड को लेकर बड़ा विवाद हुआ था। उस समय कंटेंट क्रिएटर और पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया की माता-पिता और सेक्स से जुड़ी टिप्पणी पर काफी विवाद हुआ था। उस विवाद के बाद शो, उसमें शामिल लोगों और कार्यक्रम में इस्तेमाल की जाने वाली भाषा को लेकर व्यापक बहस छिड़ी थी। मामले में कानूनी कार्रवाई भी हुई थी।
अब फिर कंटेंट की सीमा को लेकर बहस
ताजा शिकायत ने एक बार फिर ऑनलाइन मनोरंजन कार्यक्रमों में भाषा और कंटेंट की सीमा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ ऐसे शो अपनी बेबाक और बिना फिल्टर वाली कॉमेडी के लिए जाने जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके कंटेंट की दर्शकों, खासकर कम उम्र के लोगों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर सवाल उठते रहे हैं। फिलहाल मुकेश छाबड़ा, Netflix India और शिकायत में नाम लिए गए अन्य लोगों की ओर से इस शिकायत पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है। कथित टिप्पणी की वास्तविकता और पूरे संदर्भ की पुष्टि मूल रिकॉर्डिंग तथा संबंधित जांच के आधार पर ही हो सकेगी।



















