दमोह के पथरिया में घर से निकले युवक का सिद्ध पहाड़ी के पास मिला शव

पथरिया। पथरिया थाना क्षेत्र की जेरथ चौकी अंतर्गत आने वाले सुहाव गांव निवासी युवक का शव रविवार रात सिद्ध पहाड़ी के पास संदिग्ध अवस्था में मिला है। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल के शव ग्रह में रखवा दिया था। मृतक के पिता ने बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा। मृतक की पहचान 21 वर्षीय अमित पिता भगवत सिंह लोधी के रूप में हुई है।
दोपहर से शाम तक परिजनों ने की तलाश
मृतक के पिता भगवत सिंह लोधी ने बताया कि सुबह 10 बजे अमित घर से पथरिया के लिए निकला था। दोपहर 3 बजे जब हमने फोन लगाया तो उसका मोबाइल रिसीव नहीं हुआ। कुछ देर बाद उनकी मौसी का फोन पथरिया से आया और अमित के बारे में पूछा तो हमने कहा कि वह अभी घर नहीं आया। इसके बाद हम लोगों ने खोजबीन की और शाम तक तलाशते रहे, लेकिन उसकी कोई जानकारी नहीं लगी। इसके बाद हम लोग पथरिया थाने पहुंचे तो पुलिस ने कहा कि आप लोग पहले ढूंढ लीजिए उसके बाद हम रिपोर्ट दर्ज कर देंगे।
ये भी पढ़ें: BHEL गेट नंबर-8 के पास झाड़ियों में बोरी में बंद मिला युवक का शव, शरीर पर गंभीर चोटों के निशान
मोबाइल लोकेशन से पता चला
इसके बाद हमने जेरथ के सरपंच को फोन लगाया तो उन्होंने जेरथ पुलिस चौकी में मामले की जानकारी देकर बेटे की मोबाइल की लोकेशन लोकेशन निकलवाई। पथरिया के सिद्ध पहाड़ी के पास लोकेशन मिल रही थी। इसके बाद हम लोग बेटे को खोजने के लिए निकले वहां देखा तो बेटे की बाइक खड़ी हुई थी। तत्काल हमने डायल 112 को सूचना दी पुलिस मौके पर पहुंची तो बेटे का शव पड़ा हुआ था। उसके गले में उसकी शर्ट बंधी हुई थी तथा पास ही जहरीली गोलियों का एक पैकेट भी मिला है। पिता का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या की गई है इसलिए पुलिस इस मामले में गंभीरता से जांच करें।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस मामले में पथरिया थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी ने बताया कि मृतक अमित सिंह के पिता भगवत सिंह लोधी ने सूचना दी थी कि उनका बेटा किसी काम से पथरिया आया था और शाम तक घर नहीं लौटा। रात में सिद्ध पहाड़ी के पास उसका शव मिला है पास ही उसकी बाइक रखी थी और बैग भी रखा हुआ मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा। पुलिस के द्वारा मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: Raipur: कारीगर बनकर 60 ग्राम सोना चोरी, 7.80 लाख के माल पर किया हाथ साफ, जोधपुर से आरोपी गिरफ्तार












