प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत नजारा... पातालपानी पहुंचे बड़ी संख्या में पर्यटक
महू। इंदौर जिले के महू में मानसून की झमाझम बारिश के बाद रविवार को बड़ी संख्या में जिलेभर से सैलानी प्रकृति की गोद में बसे जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल पातालपानी पहुंचे। रविवार सुबह 9 बजे से सैलानियों का यहां आना शुरू हो गया था। शाम करीब 5.30 बजे तक सैलानियों की खासी चहल-पहल देखने को मिली। यहां के दुकानदारों के मुताबिक, रविवार सुबह से शाम तक करीब पांच हजार से अधिक सैलानी यहां पहुंचे। विंध्याचल की खूबसूरत वादियों के बीच बसा प्राकृतिक पर्यटन स्थल पातालपानी पूरी तरह हरियाली से सराबोर है। मानसून सीजन का यह पहला रविवार रहा, जब यहां बड़ी संख्या में सैलानी प्रकृति की सजीव वादियों और करीब 300 फीट ऊपर से नीचे गिरते दूधिया झरने को निहारने पहुंचे। हालांकि बीते चार-पांच दिनों से बारिश नहीं होने के चलते झरने का शबाब कुछ कम रहा लेकिन यहां की वादियों ने हजारों सैलानियों को सुकून और शांति का अनुभव कराया।
वादियों में सुकून का वीकेंड
अभी पातालपानी का प्रमुख झरना स्थिर अवस्था में बह रहा है। अच्छी बारिश के बाद झरना भी अपने पूरे शबाब पर होगा। ऊपर से तकरीबन 300 फीट की गहराई में गिरते झरने की गर्जना इस स्थल के आकर्षण को और बढ़ा देगी। हालांकि मानसून की रिमझिम फुहारों के बीच शांति, सुकून और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर इस स्थल ने पूरी तरह हरियाली की चादर ओढ़ ली है। रविवार को बड़ी संख्या में सैलानी परिवार के साथ यहां पहुंचे और अपने अंदाज में वीकेंड का आनंद लिया। किसी ने अपने हाथों से खाना बनाया तो कई परिवारों ने टिफिन पार्टी का लुत्फ उठाया।
ये भी पढ़ें: अहमदाबाद एक्सप्रेस में अवैध वेंडरों का आतंक: कर्मचारियों पर चाकू से किया हमला, 3 घायल; 1 की हालत गंभीर
फुटकर दुकानदारों के खिले चेहरे
पातालपानी में ककड़ी, भुट्टा सहित खान-पान की दुकानें लगाने वाले अधिकांश दुकानदार आसपास के गांवों के निवासी हैं। सालभर के पारिवारिक खर्च और पूंजी जुटाने के लिए उनके लिए यहां के पांच महीने सबसे अहम होते हैं क्योंकि दिसंबर-जनवरी तक झरने की रौनक कम हो जाती है। ऐसे में सैलानियों की संख्या भी न के बराबर रह जाती है। फुटकर दुकानदारों के लिए जुलाई से नवंबर तक का समय व्यावसायिक सीजन माना जाता है। हालांकि, समय के साथ पातालपानी में खान-पान की दुकानों की संख्या भी बढ़ी है। शहर के कई व्यापारियों ने भी अपने फूड कोर्ट वाहन यहां शुरू कर दिए हैं। इससे ककड़ी, भुट्टा और अन्य सामग्री बेचने वाले छोटे दुकानदारों की ग्राहकी पर काफी असर पड़ा है।
ये भी पढ़ें: Vietnam Boat Accident : 15 भारतीय पर्यटकों की मौत के बाद बड़ा एक्शन, बोट कैप्टन हिरासत में, आपराधिक जांच शुरू
अगस्त से शुरू होगी हेरिटेज ट्रेन
पश्चिम रेलवे द्वारा आगामी अगस्त महीने से पातालपानी और कालाकुंड के बीच प्रसिद्ध हेरिटेज ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। वर्तमान में इस विशेष ट्रेन के कोचों को मेंटेनेंस कार्य के लिए बीकानेर भेजा गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि जुलाई के अंत तक ये सभी कोच वापस लौट आएंगे जिसके तुरंत बाद अगस्त में पर्यटकों के लिए इस सेवा को बहाल कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पातालपानी से कालाकुंड के बीच चलने वाली इस हेरिटेज ट्रेन को सैलानियों का अच्छा प्रतिसाद मिला है। एक बार फिर सैलानियों के बीच इस ट्रेन के जल्द शुरू होने की मांग बढ़ी है।
Edited By: Sumit Shrivastava














