नई दिल्ली। हरियाणा के पलवल से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जा रही लोकल ट्रेन प्रगति मैदान के पास पटरी से उतर गई। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जानकारी के मुताबिक, ट्रेन सुबह करीब 10 बजे डिरेल हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंची। वहीं इस घटना की वजह से जी-20 शिखर सम्मेलन की तैयारी में जुटे लोगों के बीच हड़कंप मच गया।
डाउन मेन लाइन पर हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10 बजे पलवल नई दिल्ली लोकल ट्रेन अचानक निजामुद्दीन और तिलक ब्रिज के बीच पटरी से उतर गई। यह हादसा डाउन मेन लाइन पर हुआ, सिर्फ एक कोच पटरी से उतरा। इस रूट पर सेकेंड मेन लाईन और ईएमयू लाइन से ट्रेनें चलती रहेंगी। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और ट्रेन को पटरी पर लाने के काम शुरू किया गया। वहीं दूसरी ओर ट्रेन में सवार यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की वैकल्पिक व्यवस्था की गई।
https://twitter.com/ANI/status/1698207512791765002?s=20
प्रगति मैदान में जी-20 सम्मेलन
दिल्ली के प्रगति मैदान में 9 और 10 सितंबर को जी-20 सम्मेलन की वजह से यह सुरक्षा के दृष्टिकोण से काफी गंभीर माना जा रहा है। सम्मेलन में शामिल होने के लिए विदेश से भी लोग भारत पहुंचेंगे। G-20 बैठक के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं मौके पर पहुंचे भारतीय रेलवे के अधिकारी इसकी जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रहे हैं।
रूस के राष्ट्रपति पुतिन नहीं होंगे शामिल
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत नहीं आएंगे। रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने जानकारी देते हुए कहा कि, पुतिन भारत में सितंबर में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए यात्रा की योजना नहीं बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समय मुख्य जोर विशेष सैन्य अभियान पर है। जी-20 शिखर सम्मेलन नौ और 10 सितंबर को नई दिल्ली में प्रगति मैदान में नवनिर्मित भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। बता दें कि पुतिन दक्षिण अफ्रीका के शहर जोहान्सबर्ग में संपन्न हुए ब्रिक्स के 15वें शिखर-सम्मेलन में भी भाग लेने नहीं गए थे।
ये भी पढ़ें- G20 समिट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन नहीं होंगे शामिल