
मुंबई। एयर इंडिया की फ्लाइट में एक यात्री को सिगरेट पीते पकड़ा गया। जानकारी के मुताबिक, लंदन से मुंबई आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में एक 37 साल का शख्स टॉयलेट में स्मोकिंग कर रहा था। क्रू मेंबर्स के रोकने पर वह उन पर चिल्लाने लगा और फ्लाइट का इमरजेंसी दरवाजा खोलने की कोशिश की। जिसके बाद क्रू मेंबर्स ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसे बिठा दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
आरोपी का नाम रमाकांत है और वह भारतीय-अमेरिकन है। मुंबई में फ्लाइट लैंड होने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने 37 साल के रमाकांत करुणकांत द्विवेदी के खिलाफ आईपीसी की धारा 336 और विमान अधिनियम 1937 की धारा 22, 23 और 25 के तहत मामला दर्ज किया है। एक ऑफिसर ने कहा- यात्री भारतवंशी है, लेकिन उसके पास अमेरिकन सिटिजनशिप है। नियमों के मुताबिक, विमान में स्मोकिंग करने वाले को अरेस्ट किया जा सकता है।
A case has been registered against a 37-year-old man identified as Ramakant, a US citizen, in Sahar Police Station for allegedly smoking in the bathroom and misbehaving with other passengers on Air India London-Mumbai flight on March 11: Mumbai Police
— ANI (@ANI) March 12, 2023
हाथ-पैर बांधे तो सिर पीटने लगा आरोपी
एयर इंडिया के क्रू मेंबर ने पुलिस को बताया कि, 11 मार्च को लंदन-मुंबई की फ्लाइट के उड़ान भरने के बाद जैसे ही रमाकांत बाथरूम गए तो अलार्म बजने लगा। जब क्रू मेंबर बाथरूम की ओर भागे तो देखा कि उनके हाथ में एक सिगरेट है। हमने तुरंत सिगरेट उनके हाथ से फेंक दी। जिसके बाद रमाकांत ने चिल्लाना शुरू कर दिया। किसी तरह हम उन्हें उनकी सीट पर ले गए। लेकिन कुछ देर बाद उन्होंने विमान का इमरजेंसी दरवाजा खोलने की कोशिश की। उनके इस व्यवहार से सभी यात्री डर गए और उन्होंने उड़ान में नौटंकी शुरू कर दी। जिसके बाद उनके हाथ-पैर बांध दिए और उन्हें सीट पर बैठा दिया। इसके बाद वो अपना सिर पीटने लगे।
मेडिकल जांच के लिए भेजे सैंपल
पुलिस ने कहा कि, यात्रियों में एक व्यक्ति डॉक्टर था। उसने रमाकांत की जांच की। जिसके बाद रमाकांत ने कहा कि उसके बैग में कुछ दवाइयां हैं, लेकिन बैग की जांच करने पर सिर्फ एक ई-सिगरेट बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक यात्री की मेडिकल जांच के लिए उसके सैंपल भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट से पता चलेगा कि उन्होंने किसी तरह का नशा किया था या वे मानसिक रूप से परेशान थे।