Budget Session 2023 : संसद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने LoC से लेकर LAC तक...हर दुस्साहस का दिया कड़ा जवाब

Budget Session 2023 : संसद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने LoC से लेकर LAC तक...हर दुस्साहस का दिया कड़ा जवाब
नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र 2023 आज से शुरू हो गया है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। यह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संसद में पहला अभिभाषण है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा- सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर आतंकवाद पर कठोर प्रहार तक, LoC से लेकर LAC तक हर दुस्साहस के कड़े जवाब तक, आर्टिकल 370 हटाने से लेकर तीन तलाक तक, मेरी सरकारी की पहचान निर्णायक सरकार की रही है।

राष्ट्रपति मुर्मू का संबोधन

  • संसद में अपने अभिभाषण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि अमृतकाल के 25 वर्ष का कालखंड विकसित भारत के निर्माण का कालखंड है। यह हमारे सामने युग निर्माण का अवसर है। हमें 2047 तक ऐसे राष्ट्र का निर्माण है, जो अतीत के गौरव से जुड़ा हो और आधुनिकता का भी हर अध्याय जुड़ा हो। हमें ऐसा भारत बनाना है, जो आत्मनिर्भर हो। ऐसा भारत हो जिसमें गरीबी न हो। जिसका मध्यमवर्ग भी वैभव से युक्त हो।
  • सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास भी जुड़ गया। यही मंत्र विकसित भारत के निर्माण की प्रेरणा बन चुका है। कुछ ही महीने में सरकार के नौ वर्ष पूरे हो जाएंगे। सरकार के 9 वर्ष के कार्यकाल में लोगों ने कई सकारात्मक परिवर्तन देखे हैं। आत्मविश्वास शीर्ष पर है, दुनिया का भारत को देखने का नजरिया बदला है। भारत दुनिया की समस्याओं के समाधान का माध्यम बन रहा है।
  • जो भारत कभी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूसरों पर निर्भर था, वही आज दुनिया की समस्याओं के समाधान का माध्यम बना है। जिन सुविधाओं के लिए देश की एक बड़ी आबादी ने दशकों तक इंतजार किया वे इन वर्षों में उसे मिली है।
  • पहले टैक्स रिफंड के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। आज ITR भरने के कुछ ही दिनों के भीतर रिफंड मिल जाता है। आज GST से पारदर्शिता के साथ-साथ करदाताओं की गरिमा भी सुनिश्चित हो रही है।
  • आयुष्मान भारत योजना ने देश के करोड़ों गरीबों को और गरीब होने से बचाया है, उनके 80 हजार करोड़ रुपए खर्च होने से बचाए हैं। 7 दशकों में देश में करीब सवा तीन करोड़ घरों तक पानी का कनेक्शन पहुंचा था। जल जीवन मिशन के तहत 3 साल में करीब 11 करोड़ परिवार पाइप के जल से जुड़े हैं।
  • पूरी पारदर्शिता के साथ करोड़ों लोगों को 27 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि मुहैया कराई गई है। विश्व बैंक की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि ऐसी योजनाओं और प्रणालियों से भारत करोड़ों लोगों को कोविड के दौरान गरीबी रेखा से नीचे जाने से बचाने में सक्षम रहा।
  • मेरी सरकार की प्राथमिकता में देश के 11 करोड़ छोटे किसान हैं। यह छोटे किसान, दशकों से, सरकार की प्राथमिकता से वंचित रहे थे। अब इन्हें सशक्त और समृद्ध करने के लिए हर तरह की कोशिश की जा रही है।
  • महिलाओं को लेकर राष्ट्रपति ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की सफलता आज हम देख रहे हैं। देश में पहली बार पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या अधिक हुई है और महिलाओं का स्वास्थ्य भी पहले के मुकाबले और बेहतर हुआ है। यह सुनिश्चित किया है कि किसी भी कार्यक्षेत्र में महिलाओं के लिए कोई बंदिश न हो।

Adani, BBC डॉक्यूमेंट्री के मुद्दे पर सरकार को घेरेगा विपक्ष

कांग्रेस समेत कई विपक्षी पार्टियां विदेशी एजेंसी द्वारा उद्योगपति गौतम अडानी के खिलाफ रिपोर्ट और बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग पर रोक के मुद्दे पर सरकार को घेरेगी। इसके साथ ही विपक्ष ने बेरोजगारी, महंगाई, चीन के साथ सीमा विवाद, अर्थव्यवस्था, सेंसरशिप सहित अन्य मुद्दों पर भी सरकार को घेरने की तैयारी पूरी कर ली है। बता दें कि इससे पहले सरकार ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में एक सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। इस दौरान बैठक में  27 पार्टियों के 37 नेताओं ने हिस्सा लिया और अपनी अपनी पार्टियों के विषयों को रखा।

6 अप्रैल तक चलेगा सत्र

संसद का यह बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होकर छह अप्रैल तक चलेगा। सत्र का पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा और दूसरा चरण 13 मार्च से शुरू होकर 6 अप्रैल तक चलेगा। बजट सत्र के दौरान 27 बैठक होंगी।

सरकार ने मांगा विपक्ष से सहयोग

संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि बजट सत्र के दौरान आम बजट 2023-24 पेश किया जाएगा। यह काफी महत्वपूर्ण सत्र है, हम सभी दलों का सहयोग चाहते हैं। विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले मुद्दों के संबंध में उन्होंने कहा कि विपक्ष के मुद्दों पर कार्य मंत्रणा समिति में चर्चा होती है और नियमों के अनुसार उन्हें लिया जाता है। राष्ट्रीय की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts