पाकिस्तान में BLA का खूनी हमला!क्वेटा में रेलवे ट्रैक के पास सुसाइड अटैक, 30 की मौत; 80 से ज्यादा लोग घायल

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ। क्वेटा शहर के चमन फाटक इलाके में रेलवे ट्रैक के पास हुए आत्मघाती धमाके की चपेट में जाफर एक्सप्रेस आ गई। धमाका इतना भीषण था कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और एक बोगी में आग लग गई। इस हमले में करीब 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 80 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, फायर ब्रिगेड, रेस्क्यू टीम और सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
चमन फाटक के पास हुआ जोरदार धमाका
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जाफर एक्सप्रेस क्वेटा कैंट की ओर जा रही थी। इसी दौरान चमन फाटक के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके के बाद ट्रेन के डिब्बों में आग लग गई और कई डिब्बे पटरी से उतर गए। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास की इमारतों के शीशे टूट गए और नजदीक खड़े वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। इलाके में धुआं और आग की लपटें दूर तक दिखाई दीं।
BLA ने ली हमले की जिम्मेदारी
बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन के प्रवक्ता जीयंद बलूच के अनुसार, BLA की मजीद ब्रिगेड ने यह फिदायीन हमला किया। दावा किया गया कि ट्रेन में पाकिस्तानी सेना के जवान मौजूद थे और उसी को निशाना बनाया गया। हालांकि पाकिस्तानी अधिकारियों ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे आतंकी हमला मानकर जांच कर रही हैं।

राहत और बचाव अभियान जारी
धमाके के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया। घायलों को क्वेटा के सिविल अस्पताल समेत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। फोरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया है। रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाके की जांच की जा रही है ताकि हमले के पीछे की साजिश और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
पहले भी निशाने पर रही है जाफर एक्सप्रेस
जाफर एक्सप्रेस पाकिस्तान की प्रमुख लंबी दूरी की ट्रेनों में शामिल है। यह ट्रेन बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा को पाकिस्तान के कई बड़े शहरों से जोड़ती है। यह ट्रेन जिन इलाकों से गुजरती है, वहां लंबे समय से अशांति और आतंकी गतिविधियां होती रही हैं। पिछले साल भी BLA ने जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर यात्रियों को बंधक बना लिया था। संगठन ने तब कई सैनिकों की हत्या का दावा किया था।
क्या है बलूच लिबरेशन आर्मी?
बलूच लिबरेशन आर्मी यानी BLA बलूचिस्तान में सक्रिय एक अलगाववादी संगठन है। इसका गठन 1970 के दशक में हुआ था। पाकिस्तान, अमेरिका और ब्रिटेन इस संगठन को आतंकी संगठन मानते हैं। BLA का दावा है कि बलूचिस्तान के प्राकृतिक संसाधनों पर स्थानीय लोगों का अधिकार होना चाहिए। संगठन लंबे समय से पाकिस्तान सरकार और सुरक्षा बलों के खिलाफ हमले करता रहा है।
पाकिस्तान में बढ़ रहा आतंकवाद
ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2025 के अनुसार पाकिस्तान दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा आतंक प्रभावित देश बन चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान आतंकवाद से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाके हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और BLA जैसे संगठनों के हमलों में पिछले साल के मुकाबले भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।











