बेकाबू हाथी ने ऑटो चालक को कुचला, इलाज के दौरान मौत; 15 महावत भी नहीं कर सके काबू

इंदौर। राजनगर क्षेत्र में शनिवार शाम हाथी के बेकाबू होने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। हाथी को गुड़ खिलाने पहुंचे 49 वर्षीय ऑटो चालक विजय उर्फ लक्ष्मणराव होलकर पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया। पहले सूंड से उन्हें जमीन पर गिराया और फिर पैरों से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल विजय की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने एक महावत को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य महावत हाथी को लेकर वहां से चले गए। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब पांच बजे उज्जैन से आए महावतों का एक दल हाथी के साथ राजनगर क्षेत्र में पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथी के साथ करीब 15 महावत मौजूद थे। इसी दौरान विजय हाथी को गुड़ खिलाने के लिए आगे बढ़े। गुड़ देखते ही हाथी अचानक आक्रामक हो गया और उसने विजय को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद हाथी ने उन पर पैर रख दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये भी पढ़ें: पीडब्ल्यूडी की महिला इंजीनियर ने तोड़ा दम: पति पर प्रताड़ना के आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच
महावतों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं रुका हाथी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी के साथ मौजूद महावतों ने उसे नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वह कुछ देर तक बेकाबू रहा। इसके बाद घायल विजय को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। पहले उन्हें जिला अस्पताल और बाद में बेहतर उपचार के लिए वर्मा यूनियन अस्पताल भेजा गया, जहां देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
एक महावत हिरासत में, अन्य से पूछताछ की तैयारी
घटना के बाद विजय के परिजनों ने हाथी के साथ जा रहे महावतों का पीछा किया और परमानंद अस्पताल के पास उन्हें रोक लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हाथी पर सवार एक महावत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस अन्य महावतों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
जुलूस के लिए लाए गए थे हाथी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महावत हाथी को किसी धार्मिक या सामाजिक जुलूस में शामिल करने के लिए इंदौर लाए थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हाथी को लेकर शहर में घूमने और सार्वजनिक स्थानों पर फेरी जैसी गतिविधियां करने के लिए आवश्यक अनुमति थी या नहीं।
ये भी पढ़ें: सीहोर में भीषण सड़क हादसा : रेलिंग तोड़कर 40 फीट नीचे गिरी तूफान गाड़ी, भोपाल का ड्राइवर लड़ रहा जिंदगी की जंग
रिहायशी क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही पर उठे सवाल
हादसे के बाद रिहायशी इलाकों में हाथियों की आवाजाही को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में हाथियों को ले जाने पर सख्त नियम लागू किए जाने चाहिए। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले में पुलिस और वन विभाग सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












