PlayBreaking News

ऑपरेशन सिंधु : ईरान-इजराइल संघर्ष के बीच भारत पहुंचे 290 और नागरिक, अब तक 1,117 भारतीय सुरक्षित लौटे

Follow on Google News
ऑपरेशन सिंधु : ईरान-इजराइल संघर्ष के बीच भारत पहुंचे 290 और नागरिक, अब तक 1,117 भारतीय सुरक्षित लौटे

नई दिल्ली। ईरान-इजराइल संघर्ष के बीच भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत अब तक 1,117 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाया गया है। शनिवार देर रात मशहद से एक और विशेष विमान 290 नागरिकों को लेकर दिल्ली पहुंचा। इससे पहले दिन में 310 लोगों का जत्था शाम 4:30 बजे भारत पहुंचा था।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जानकारी दी कि ऑपरेशन सिंधु अब गति पकड़ चुका है और रविवार को भी दो और फ्लाइट्स ईरान से भारत लाने की योजना है।

कब-कब, कितने भारतीय लौटे?

19 जून: 110 छात्र भारत लौटे, कुछ आर्मेनिया और दोहा के रास्ते।

20 जून: रात 10:30 बजे की फ्लाइट में 190 कश्मीरी छात्रों समेत 290 नागरिक दिल्ली पहुंचे। रात 3 बजे की एक और फ्लाइट से 117 लोग आए। कुल 407 भारतीय इस दिन लौटे।

22 जून रात:  शाम 4:30 बजे 310 नागरिकों का जत्था दिल्ली पहुंचा। रात 11:30 बजे मशहद से 290 लोगों को लेकर फ्लाइट दिल्ली पहुंची।

भारत लौटे नागरिकों ने क्या कहा?

मोहम्मद अशफाक (कर्नाटक): “अपने देश लौटकर अच्छा लग रहा है। दूतावास ने बहुत अच्छे से हमारी देखभाल की।”

सैयद निहाल हैदर (दिल्ली): “वहां लगा जैसे हम फंस गए हैं, लेकिन सरकार ने बहुत अच्छा प्रबंध किया।”

फातिमा (पश्चिम बंगाल): “प्रधानमंत्री मोदी की आभारी हूं, अब अपने वतन में सुकून है।”

प्रयागराज की अलमास रिजवी: “हमें अच्छे होटल में रखा गया, हर सुविधा दी गई। ऐसा लगा ही नहीं कि युद्ध जैसी स्थिति है।”

सैयद मंसूर हुसैन: “भारत मां की सरजमीं पर लौटते ही सजदा किया, अब सिर्फ कृतज्ञता है।”

कश्मीरी छात्रों के लिए राहत

जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट एसोसिएशन ने कहा कि यह छात्रों और उनके परिवारों के लिए भावनात्मक पल है। एसोसिएशन के अनुसार, अब भी करीब 700 कश्मीरी छात्र ईरान के अलग-अलग हिस्सों में फंसे हुए हैं, जिन्हें जल्द से जल्द लाने की अपील की गई है।

उन्होंने भारत सरकार, विदेश मंत्रालय और ईरान में भारतीय दूतावास का धन्यवाद किया और कहा कि सरकार ने तेज, संयमित और मानवीय ढंग से काम किया।

ईरान ने भारत के लिए खोला एयरस्पेस

भारत के आग्रह पर ईरान ने अपने एयरस्पेस पर लगी पाबंदी हटाकर करीब 1000 भारतीयों को बाहर निकालने की अनुमति दी। इसके बाद भारत ने चार्टर फ्लाइट्स के जरिए छात्रों, यात्रियों और नागरिकों को मशहद से दिल्ली लाया। ये फ्लाइट्स ईरान की माहान एयर द्वारा संचालित की गईं।

ईरान स्थित भारतीय मिशन के अधिकारी मोहम्मद जवाद हुसैनी ने कहा कि ज़रूरत पड़ने पर आगे और फ्लाइट्स चलाई जा सकती हैं।

विदेश मंत्रालय का बयान

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर कहा, “ऑपरेशन सिंधु ने रफ्तार पकड़ ली है। 290 भारतीय मशहद से सुरक्षित दिल्ली पहुंच चुके हैं। अब तक कुल 1,117 नागरिक निकाले जा चुके हैं। हम संकट में हर भारतीय के साथ हैं।”

क्यों जरूरी था यह रेस्क्यू मिशन?

ईरान और इजराइल के बीच जारी युद्ध में मशहद और तेहरान जैसे शहर युद्धग्रस्त हो चुके हैं। वहां हर रोज मिसाइल और ड्रोन हमलों की आवाजें सुनाई देती हैं। इसी बीच भारत सरकार ने 18 जून को ‘ऑपरेशन सिंधु’ की शुरुआत की ताकि वहां फंसे छात्रों, तीर्थयात्रियों और अन्य नागरिकों को सुरक्षित वापस लाया जा सके।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts