Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Odisha: एंबुलेंस में फटा ऑक्सीजन सिलेंडर, मरीज की मौत; 2 लोग झुलसे

ओडिशा के मयूरभंज जिले में उदाला अस्पताल के बाहर खड़ी एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट हो गया। हादसे में 35 वर्षीय मरीज सुजोष बारिक की मौत हो गई, जबकि दो लोग झुलसकर घायल हो गए। मरीज को बेहतर इलाज के लिए भुवनेश्वर ले जाने की तैयारी थी। पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
Odisha: एंबुलेंस में फटा ऑक्सीजन सिलेंडर, मरीज की मौत; 2 लोग झुलसे

ओडिशा के मयूरभंज जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। उदाला उप-मंडलीय अस्पताल के बाहर खड़ी एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट हो गया। हादसे में 35 वर्षीय मरीज सुजोष बारिक की मौत हो गई, जबकि दो लोग झुलसकर घायल हो गए। मरीज को गंभीर रक्त संक्रमण के इलाज के लिए भुवनेश्वर ले जाने की तैयारी थी। इसी दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में संदिग्ध रिसाव के कारण आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में भीषण रूप ले लिया।

ऑक्सीजन देने के लिए खोला था सिलेंडर का वाल्व

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान कुंडाबाई निवासी सुजोष बारिक के रूप में हुई है। वह गंभीर रक्त संक्रमण से पीड़ित था। बेहतर इलाज के लिए उसे एंबुलेंस से भुवनेश्वर ले जाया जाना था। इसी दौरान एंबुलेंस चालक ने मरीज को ऑक्सीजन देने के लिए सिलेंडर का वाल्व खोला। पुलिस को आशंका है कि सिलेंडर या उससे जुड़े उपकरण में रिसाव के कारण आग लगी। देखते ही देखते आग एंबुलेंस में फैल गई और ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट हो गया।

मरीज को बचाने की कोशिश में दो लोग झुलसे

उदाला थाने के प्रभारी निरीक्षक बनमाली बारिक के अनुसार, विस्फोट के बाद एंबुलेंस में लगी आग से मरीज की मौत हो गई। इस दौरान उसे बचाने की कोशिश कर रहे दो अन्य लोग भी झुलसकर घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, परिवार के सदस्यों ने जलती हुई एंबुलेंस से सुजोष बारिक को बाहर निकाला। हालांकि, वह गंभीर रूप से झुलस चुका था और कुछ ही मिनटों में उसकी मौत हो गई।

Breaking News

विस्फोट से एंबुलेंस की छत उड़ी

ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट इतना जोरदार था कि एंबुलेंस की छत उड़ गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस ने दर्ज किया केस, हादसे की जांच जारी

पुलिस के अनुसार, एंबुलेंस एक निजी संचालक से किराये पर ली गई थी। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती आशंका है कि ऑक्सीजन सिलेंडर या उससे जुड़े उपकरण में रिसाव के कारण आग लगी। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts