Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Noida Supernova Case: बेटे के इलाज में 35 लाख खर्च, पत्नी ने मांगी 1 करोड़ एलिमनी; 43वीं मंजिल से कूदे इंजीनियर की मौत मामले में नए खुलासे

नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसायटी की 43वीं मंजिल से कूदकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन की मौत के मामले में पारिवारिक विवाद, बच्चे की बीमारी और आर्थिक दबाव से जुड़ी जानकारियां सामने आई हैं।
Noida Supernova Case: बेटे के इलाज में 35 लाख खर्च, पत्नी ने मांगी 1 करोड़ एलिमनी; 43वीं मंजिल से कूदे इंजीनियर की मौत मामले में नए खुलासे
35 लाख का इलाज, 1 करोड़ एलिमनी की मांग और पिता को भेजे संदेश; संभव जैन केस में पुलिस की जांच तेज

नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसायटी में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे यह घटना हुई। मृतक की पहचान संभव जैन के रूप में हुई है, जो हरियाणा के गुरुग्राम स्थित मानेसर के निवासी थे। पुलिस के मुताबिक, संभव ने ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से सोसायटी में एक फ्लैट लिया था। वह कुछ दिनों से घर से बाहर रह रहे थे। शनिवार को चेक-आउट से पहले उन्होंने इमारत की 43वीं मंजिल से छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बच्चे के इलाज में खर्च हुए 35 लाख रुपए

इस मामले में सामने आई जानकारी के मुताबिक, संभव जैन की शादी वर्ष 2024 में हुई थी। वर्ष 2025 में उनके घर बेटे का जन्म हुआ, लेकिन बच्चा समय से पहले यानी सातवें महीने में पैदा हुआ था। प्रीमैच्योर जन्म के कारण बच्चे को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां थीं और उसके इलाज की जरूरत पड़ती रही। मीडिया रिपोर्ट में परिजनों के हवाले से बताया गया है कि बच्चे के इलाज पर करीब 35 लाख रुपए से अधिक खर्च हुए थे। परिवार के मुताबिक, बच्चे की बीमारी और लगातार इलाज की जरूरत के बीच संभव की निजी जिंदगी में भी तनाव बढ़ने लगा था।

पत्नी ने की सेटलमेंट में 1 करोड़ की मांग- दावा

संभव और उनकी पत्नी के बीच वैवाहिक विवाद बढ़ने के बाद मामला अदालत तक पहुंच गया था। पत्नी की ओर से तलाक सेटलमेंट के लिए एक करोड़ रुपए की मांग किए जाने की बात कही गई है। बाद में दोनों पक्षों के बीच करीब 15 लाख रुपए में समझौता हुआ। परिजनों के मुताबिक, इसमें से सात लाख रुपए की पहली किस्त संभव और उनके परिवार की ओर से दी जा चुकी थी, जबकि दूसरी किस्त का भुगतान बाकी था।

पिता को पहले ही बताई थी मानसिक परेशानी

पुलिस के अनुसार, संभव ने घटना से पहले अपने पिता से बातचीत की थी। इस बातचीत में उन्होंने मानसिक तनाव और आत्महत्या के विचारों का जिक्र किया था। बताया गया है कि संभव ने अपने पिता को व्हाट्सऐप मैसेज भी भेजे थे, जिनमें उन्होंने जीने की इच्छा न होने की बात कही थी। पिता ने उन्हें घर लौटने और खुद को संभालने के लिए कहा था। पुलिस को एक वीडियो रिकॉर्ड किए जाने की जानकारी भी मिली है। जांच में डिजिटल बातचीत और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।

तीन दिन से घर से बाहर थे संभव

पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, संभव करीब तीन दिन से घर नहीं गए थे। वह पहले गुरुग्राम के एक होटल में ठहरे थे और बाद में नोएडा पहुंचे। उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से सुपरनोवा सोसायटी में फ्लैट बुक किया था। पुलिस के अनुसार, वह शुक्रवार को वहां चेक-इन हुए थे और शनिवार को चेक-आउट करना था। इसी दौरान यह घटना हो गई। पुलिस अब उनके आने-जाने, बुकिंग और घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

लोगों ने बचाने की कोशिश की

घटना के समय पास के फ्लैट में कुछ लोग एयर कंडीशनर की मरम्मत का काम कर रहे थे। जानकारी मिलने पर उन्होंने संभव को बचाने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर भी उन्हें रोकने की कोशिश की। हालांकि, प्रयास सफल नहीं हो सके और ऊंचाई से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं। 

कर्ज और आर्थिक दबाव के पहलू की भी जांच 

पुलिस की शुरुआती जांच में आर्थिक परेशानी और कथित कर्ज का पहलू भी सामने आया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौत के कारणों और परिस्थितियों पर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts