यादगिर। कर्नाटक में यादगिर जिले के सुरपुर तालुका में शुक्रवार को एक निजी बस से भिड़ंत के बाद कार में आग लगने से एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि यह दुर्घटना सुरपुर तालुका में शांतापुरा क्रॉस के पास हुई। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान कृष्णा नायक (52) और उनकी पत्नी अनंत काला (45), शरणप्पा (36) और उनकी पत्नी निसर्गा (30), उनके बच्चे सिद्धार्थ (3), आद्विक (5), और श्रीनिधि (1.5) और शशिकला (30) और उनके बेटा चंदन (8) के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि शशिकला का दूसरा बेटा विराट (10) बाल-बाल बच गया। प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से पुलिस अधीक्षक पृथ्वी शंकर ने एजेंसी को बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि कार का टायर फट गया, जिसके बाद चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार एक निजी बस से जा टकरायी। उन्होंने कहा कि इसके बाद कार में आग लग गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कार में पांच बच्चों समेत कुल 10 लोग सवार थे।
ये भी पढ़ें: क्लिक से क्राइम तक: इंदौर से जयपुर तक फैला ठगी का नेटवर्क,Apple प्रोडक्ट्स के नाम पर 15 लाख की ठगी
दुर्घना में दो बच्चों समेत चार लोग मौके पर जिंदा जल गये। उन्होंने कहा कि इन सभी को यादगिर चिकित्सा विज्ञान संस्थान ले जाया गया जहां इनमें से नौ को मृत घोषित कर दिया गया जबकि एक मात्र जिंदा बचे विराट का इलाज किया जा रहा है। एसपी के अनुसार, कार में सवार ये लोग रायचूर जिले के सिरवार तालुका के निवासी थे।
एसपी ने बताया कि कार में सवार लोग यादगिर से रायचूर में अपने गृहनगर जा रहे थे, जबकि बस बेंगलुरु से कलबुर्गी जा रही थी। उन्होंने बताया कि बस में यात्रा कर रहे सभी 20 यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें समय रहते बचा लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: 300 करोड़ की जमीन पर ‘कब्जे की साजिश’ का आरोप ! टीवी एक्ट्रेस रेमन कक्कड़ पहुंचीं इंदौर कलेक्टर दफ्तर