OpenAI का GPT-5.5 लॉन्च :अब AI खुद बनाएगा प्लान और पूरा करेगा काम, टेस्ट में 93% स्कोर

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया तेजी से बदल रही है और अब इसमें एक बड़ा कदम देखने को मिला है। OpenAI ने अपना नया और अब तक का सबसे एडवांस मॉडल GPT-5.5 लॉन्च कर दिया है। यह मॉडल सिर्फ सवाल-जवाब तक सीमित नहीं है, बल्कि यूजर के दिए गए काम को शुरू से लेकर आखिर तक खुद पूरा करने की क्षमता रखता है। कंवनी ने 23 अप्रैल 2026 को इस मॉडल की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की। GPT-5.5 को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह AI को एक नए दौर में ले जाएगा, जहां मशीनें सिर्फ निर्देश मानने के बजाय खुद सोचकर फैसले लेंगी। टेक एक्सपर्ट डेविड गेविर्ट्ज ने इस मॉडल को अलग-अलग टास्क पर टेस्ट किया, जिसमें इसे 100 में से 93 अंक मिले।
GPT-5.5 क्या है और क्यों है खास
OpenAI ने GPT-5.5 को 'एजेंटिक AI' बताया है। इसका मतलब है कि यह ऐसा AI है जो खुद ही काम संभाल सकता है। पहले आपको हर छोटी-बड़ी चीज समझानी पड़ती थी, लेकिन अब यह मॉडल खुद समझकर काम शुरू करता है और उसे पूरा भी कर देता है। इसका कोडनेम 'Spud' है। कंपनी का कहना है कि यह पुराने मॉडल्स से ज्यादा तेज चलता है, ज्यादा समझदारी से काम करता है और मुश्किल टास्क भी आसानी से पूरा कर सकता है।
अब एक ही सिस्टम में टेक्स, इमेज, ऑडियो और वीडियो
GPT-5.5 की सबसे बड़ी खासियत इसका 'नैटिव ओम्नीमॉडल' होना है। इसका मतलब है कि यह एक ही सिस्टम में टेक्स्ट, फोटो, आवाज और वीडियो को समझ सकता है। पहले अलग-अलग टूल्स की जरूरत पड़ती थी, लेकिन अब यह सब कुछ एक जगह पर संभव है। इससे यूजर का काम आसान हो जाता है, क्योंकि उसे बार-बार प्लेटफॉर्म बदलने की जरूरत नहीं पड़ती।
ये भी पढ़ें: वेदांता पावर प्लांट ब्लास्ट : 10 दिन बाद भी दर्द कायम, 25 मजदूरों की मौत ने उठाए बड़े सवाल; NHRC ने मांगी रिपोर्ट
खुद करेगा प्लानिंग और पूरा करेगा प्रोजेक्ट
इस मॉडल की सबसे चर्चा वाली खासियत इसकी 'एजेंटिक' क्षमता है। अगर आप इसे कोई प्रोजेक्ट देते हैं, तो यह सिर्फ सुझाव नहीं देगा, बल्कि खुद उसकी पूरी योजना बनाएगा। मान लीजिए आपको कोई रिपोर्ट बनानी है, कोड लिखना है या रिसर्च करनी है-GPT-5.5 इन सभी कामों को खुद प्लान करके पूरा कर सकता है। यह जरूरत के अनुसार टूल्स का इस्तेमाल भी करता है और बीच-बीच में खुद फैसले भी लेता है।
स्पीड और सोचने की क्षमता में बड़ा सुधार
कंपनी के मुताबिक GPT-5.5 पहले के मुकाबले करीब 1.5 गुना ज्यादा तेज है। इसमें 'थिंकिंग मोड' भी दिया गया है, जो कठिन गणित और साइंस से जुड़े सवालों को गहराई से हल करने में मदद करता है। यानी अब AI सिर्फ तेज ही नहीं, बल्कि ज्यादा समझदारी से काम करेगा।
लाखों शब्द याद रखने की ताकत
GPT-5.5 की कॉन्टेक्स्ट विंडो भी काफी बड़ी है। यह एक बार में लाखों शब्दों को याद रख सकता है और उन पर काम कर सकता है। इससे लंबे डॉक्यूमेंट, रिसर्च पेपर और बड़े डेटा सेट को समझना आसान हो जाता है।
किसके लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद है ये AI
यह नया मॉडल खास तौर पर प्रोफेशनल्स, बिजनेस यूजर्स और रिसर्च करने वालों के लिए काफी उपयोगी माना जा रहा है। जो लोग एक साथ कई तरह के काम करते हैं-जैसे कंटेंट बनाना, डेटा एनालिसिस या कोडिंग उनके लिए यह एक ऑल-इन-वन टूल साबित हो सकता है।
अन्य AI मॉडल्स से कैसे अलग है GPT-5.5
आज के समय में AI की रेस में कई बड़े नाम हैं, लेकिन GPT-5.5 खुद को एक 'ऑल-राउंडर' के रूप में पेश करता है। जहां कुछ मॉडल्स खासतौर पर लेखन या कोडिंग में बेहतर हैं, वहीं GPT-5.5 हर तरह के काम में संतुलन बनाकर चलता है। यह रणनीतिक सोच, ऑटोमेशन और रिसर्च जैसे कामों में खास तौर पर मजबूत माना जा रहा है।












