PlayBreaking News

भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बाबा महाकाल के किए दर्शन, उज्जैन में हुआ भव्य स्वागत

Follow on Google News
भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बाबा महाकाल के किए दर्शन, उज्जैन में हुआ भव्य स्वागत

उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने गुरुवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन कर अपने नए दायित्व की शुरुआत की। उज्जैन आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका पारंपरिक और भव्य स्वागत किया। खंडेलवाल ने बाबा महाकाल से प्रदेश की सुख-समृद्धि, संगठन की मजबूती और समाज की उन्नति की कामना की।

महाकाल के दर पर नमन

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद हेमंत खंडेलवाल का यह पहला उज्जैन दौरा था। उन्होंने महाकाल मंदिर में पूजन-अर्चन कर बाबा के दर्शन किए। इस दौरान भाजपा विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। मंदिर समिति ने उनका पारंपरिक स्वागत किया।

दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में खंडेलवाल ने कहा, “पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के विश्वास से मुझे यह जिम्मेदारी मिली है। मैंने अपने कार्यकाल की शुरुआत बाबा महाकाल के आशीर्वाद से की है। उनकी कृपा पार्टी पर और पूरे समाज पर बनी रहे।” जब उनसे नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि “यह विषय भविष्य के लिए है, जल्द ही उचित निर्णय लिया जाएगा।”

स्वागत के लिए शहर में सजाया गया माहौल

भाजपा नगर इकाई ने उनके उज्जैन प्रवास को लेकर कई कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई है। श्री खंडेलवाल ने पहले पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उसके बाद वे नानाखेड़ा स्थित कालिदास अकादमी पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और फूल मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया। महापौर मुकेश टटवाल और अन्य प्रमुख पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष को उज्जैन की सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ते हुए स्मृति चिह्न भेंट किए।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts