PlayBreaking News

नेपाल से बेंगलुरु जा रही बस नरसिंहपुर में पलटी,80 यात्रियों में मची चीख-पुकार; चालक पर नशे में ड्राइविंग का आरोप

नरसिंहपुर के मुंगवानी में नेपाल से बेंगलुरु जा रही यात्री बस पलट गई। हादसे में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। यात्रियों ने चालक पर नशे में बस चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Follow on Google News
80 यात्रियों में मची चीख-पुकार; चालक पर नशे में ड्राइविंग का आरोप

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में गुरुवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। नेपाल से बेंगलुरु जा रही एक यात्री बस मुंगवानी थाना क्षेत्र में अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के वक्त बस में 80 से ज्यादा यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी और चीख-पुकार मच गई।

हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।  घटना के बाद कई यात्री सदमें में नजर आए। खासतौर पर छोटे बच्चों और महिलाओं में डर का माहौल देखा गया। हादसे में घायल लोगों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। यात्रियों ने बस चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस अब हादसे के हर पहलू की जांच में जुट गई है। 

सुबह चार बजे हुआ हादसा 

जानकारी के अनुसार, यात्री बस क्रमांक एमपी 13 जेडके 0793 नेपाल से यात्रियों को लेकर बेंगलुरु जा रही थी। गुरुवार सुबह करीब चार बजे जब बस नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी स्थित चौधरी पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क किनारे पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। बस पलटते ही अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग सीटों के बीच फंस गए थे, जबकि कुछ यात्री खिड़कियों के रास्ते बाहर निकलने की कोशिश करते नजर आए।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत कार्य

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलने के बाद मुंगवानी थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। राहत कार्य के दौरान कई यात्री डरे और घबराए हुए दिखाई दिए। कुछ बच्चे लगातार रो रहे थे, जबकि महिलाएं भी मानसिक रूप से काफी परेशान नजर आईं।

Twitter Post

रोजगार और पढ़ाई के लिए जा रहे थे यात्री

बस में सवार अधिकतर यात्री नेपाल से बेंगलुरु रोजगार की तलाश में जा रहे थे। इनमें श्रमिक, कॉलेज छात्राएं, महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे। हादसे के बाद कई यात्रियों ने बताया कि वे बेहतर रोजगार और काम की तलाश में दक्षिण भारत जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह बड़ा हादसा हो गया। कई यात्रियों ने कहा कि हादसे के बाद वे मानसिक रूप से काफी डर गए हैं और अब आगे का सफर करने से भी घबरा रहे हैं।

Breaking News

यात्रियों का आरोप- नशे में था चालक

हादसे के बाद यात्रियों ने बस चालक राहुल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यात्रियों का कहना है कि चालक किसी नशीले पदार्थ के प्रभाव में बस चला रहा था। उनका आरोप है कि बस की रफ्तार भी काफी तेज थी और चालक वाहन पर ठीक से नियंत्रण नहीं रख पा रहा था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से चालक के नशे में होने की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

चालक भी हुआ घायल

हादसे में बस चालक राहुल भी घायल हुआ है। उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके बयान लेने की तैयारी कर रही है ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और नियंत्रण बिगड़ने की बात सामने आई है, लेकिन तकनीकी खराबी और चालक की स्थिति को लेकर भी जांच जारी है।

ये भी पढ़ें: इंजन खराब था... बरगी हादसे के बाद पायलट का दावा, 7 महीने पहले ही दी थी इंजन खराब की जानकारी, फिर भी नहीं हुआ सुधार

ये यात्री हुए घायल

हादसे में घायल होने वालों में प्रिय बहादुर, रविंद्र नाथ, लाम बहादुर, सागर परकशाही, संगीता पत्नी फूल बहादुर, सुमन नेपाली, राहुल पिता करण सिंह, दीपक पिता मन बहादुर, श्रीमती अर्मिला पत्नी मनोज और विमल सुदीप सिंह समेत अन्य यात्री शामिल हैं। घायलों को सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही है।

हादसे के बाद फंसे यात्री

बस पलटने के बाद उसमें सवार बाकी यात्री मुंगवानी में ही रुक गए। कई लोग अपने सामान और जरूरी दस्तावेजों को लेकर परेशान दिखाई दिए। यात्री अब दूसरी बस या वाहन का इंतजार कर रहे हैं, ताकि वे अपने ठिकाने तक पहुंच सकें। कुछ यात्रियों ने प्रशासन से सुरक्षित यात्रा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग भी की है।

ये भी पढ़ें: भोपाल: सड़क हादसों की होगी ‘क्राइम सीन’ जैसी जांच, हर एक्सीडेंट की तलाशे जाएंगे असली कारण

आरक्षक दिनेश वाडिवा की पहल की सराहना

जिला अस्पताल में भर्ती घायलों और उनके परिजनों की मदद के लिए अस्पताल चौकी में पदस्थ आरक्षक दिनेश वाडिवा ने मानवीय पहल दिखाई। उन्होंने घायलों और उनके परिवार वालों के लिए चाय-बिस्किट की व्यवस्था कराई। विशेष रूप से बच्चों के लिए बिस्किट और खाने-पीने की सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें कुछ राहत मिली। यात्रियों और उनके परिजनों ने आरक्षक की इस संवेदनशीलता की सराहना की।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts