सस्पेंड CSP नेहा पच्चीसिया की बढ़ीं मुश्किलें; शिकायतकर्ता ने की सीबीआई जांच की मांग, अब 12 अक्टूबर को सुनवाई

जबलपुर। जमीन घोटाले के आरोपों के चलते सस्पेंड हुई सीएसपी नेहा पच्चीसिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस मामले के शिकायतकर्ता ने मप्र हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर इस पूरे घोटाले की जांच सीबीआई से कराए जाने की मांग की है। जस्टिस आनंद पाठक और जस्टिस रामकुमार चौबे की डिवीजन बेंच ने पच्चीसिया की याचिका के साथ शिकायतकर्ता की याचिका को लिंक करने के निर्देश दिए हैं। मामले पर अब 12 अक्टूबर को सुनवाई होगी।
याचिका में झूठा फंसाने का दावा
गौरतलब है कि कटनी के कुठला थाने में दर्ज हुई एफआईआर को चुनौती देकर नेहा पच्चीसिया ने यह याचिका हाईकोर्ट में दाखिल की है। याचिका में दावा किया गया है कि उसे झूठा फंसाया गया है। इस मामले पर पिछली सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से दावा किया गया था कि नेहा पच्चीसिया विदेश भागने की फिराक में है और उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा एफआईआर दर्ज होने के बाद नेहा पच्चीसिया पर भ्रष्टाचार के आरोप भी बढ़े हैं।
ये भी पढ़ें: कटनी CSP नेहा पच्चीसिया पर धोखाधड़ी का केस दर्ज, 82 लाख की जमीन 18 लाख में खरीदने का आरोप
अन्य याचिका में सीबीआई जांच की मांग
मामले में गुरुवार को आगे हुई सुनवाई के दौरान नेहा पच्चीसिया की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल खरे और राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता हरप्रीत सिंह रूपराह, शासकीय अधिवक्ता अमित पाण्डेय व पैनल अधिवक्ता अद्वैत पाराशर हाजिर हुए। बेंच को बताया कि इसी मामले को लेकर एक और याचिका परिक्रमा वासी वन प्रस्थी महंत मनीद्वीपम अविनाश तिवारी की ओर से दाखिल हुई, जिसमें घोटाले की सीबीआई जांच की मांग की गई है। इस पर बेंच ने दोनों मामलों को लिंक करके उन पर 12 अक्टूबर को सुनवाई करने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ें: फरार CSP नेहा पच्चीसिया पर 10 हजार का इनाम, पुलिस ने तेज की तलाश




















