नवा रायपुर में मंत्रालय कर्मचारियों की बस में लगी भीषण आग, देखते ही देखते जलकर हुई खाक

प्रेम कुमार,रायपुर: छत्तीसगढ़ के राजधानी नवा रायपुर से बुधवार शाम बड़ी खबर सामने आई है। मंत्रालय कर्मचारियों को लेकर लौट रही एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस धू-धूकर जलने लगी और देखते ही देखते बस जलकर खाक हो गई।
बस नंबर 3073 में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, मंत्रालय में छुट्टी होने के बाद कर्मचारी बस क्रमांक 3073 से अपने घरों की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान बस में अचानक आग लग गई। बस में आग लगते ही कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह भी पढ़ें: किरण सिंहदेव आज लौटेंगे छत्तीसगढ़, BJP प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी फिर संभालेंगे, बदलाव की अटकलों पर लगा विराम
कर्मचारियों को सुरक्षित उतारा गया
हादसे के दौरान राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
आखिर बस में आग कैसे लगी?
फिलहाल बस में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आग की वजह तकनीकी खराबी थी या किसी अन्य कारण से हादसा हुआ, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ BJP में बड़ा बदलाव,स्मृति ईरानी को मिली प्रदेश की जिम्मेदारी
मेंटेनेंस को लेकर कर्मचारी संघ ने उठाए सवाल
घटना के बाद मंत्रालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चंद्रकांत पाण्डेय ने बसों के मेंटेनेंस को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को लेकर लौट रही बस में अचानक आग लगी, लेकिन गनीमत रही कि सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल गए।

संघ ने कहा- पहले भी अधिकारियों को कराया गया था अवगत
चंद्रकांत पाण्डेय के अनुसार, बसों के मेंटेनेंस और व्यवस्था को लेकर कर्मचारी संघ की ओर से कई बार रजिस्ट्रार शाखा के अधिकारियों से मुलाकात की गई थी। संघ का आरोप है कि इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया।
अब मुख्य सचिव से मुलाकात की तैयारी
कर्मचारी संघ ने कहा है कि इस मामले को लेकर गुरुवार को मुख्य सचिव और सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव से मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याओं और बस व्यवस्था से जुड़ी दिक्कतों से अवगत कराया जाएगा।
समाधान नहीं हुआ तो सड़क की लड़ाई की चेतावनी
संघ अध्यक्ष ने कहा कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संघ आगे आंदोलन का रास्ता अपनाएगा और सड़क की लड़ाई लड़ी जाएगी।
यह भी पढ़ें: बाजार शिफ्टिंग के लिए पहुंची निगम टीम, विरोध के बाद विवाद ने लिया हिंसक रूप
VIDEO: मंत्रालय कर्मचारियों की बस में लगी भीषण आग
बस में आग लगने की घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें बस आग की लपटों में घिरी नजर आ रही है। घटना के बाद मौके पर काफी अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया।
पूरी घटना का VIDEO ऊपर देखें।




















