PlayBreaking News

4 लाख हारे... महिला को कुएं में फेंका!21 साल के छात्र की खौफनाक करतूत, ऑनलाइन गेम की लत से बना हैवान

तेलंगाना के करीमनगर में ऑनलाइन जुए में लाखों रुपये गंवाने के बाद 21 वर्षीय छात्र पर दिहाड़ी मजदूर महिला के अपहरण, लूट और हत्या की कोशिश का आरोप लगा है। पुलिस ने CCTV फुटेज और मोबाइल रिकॉर्ड की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में लूटे गए गहने और अन्य सामान भी बरामद किए गए।
Follow on Google News
21 साल के छात्र की खौफनाक करतूत, ऑनलाइन गेम की लत से बना हैवान
ऑनलाइन जुए में 4 लाख हारने के बाद छात्र बना अपराधी

करीमनगर। तेलंगाना के करीमनगर जिले में ऑनलाइन जुए की लत का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने 21 वर्षीय कॉलेज छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ऑनलाइन जुए में लाखों रुपये गंवाने और कर्ज में डूबने के बाद उसने एक 55 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर महिला का अपहरण किया, उसके गहने लूटे और सबूत मिटाने के लिए उसे कुएं में फेंककर मारने की कोशिश की।

गुमशुदगी से शुरू हुई जांच

पुलिस के मुताबिक, 1 जुलाई को 55 वर्षीय गंगाधरा लक्ष्मी अचानक लापता हो गई थीं। वह करीमनगर के टावर सर्कल स्थित लेबर अड्डे पर काम मिलने का इंतजार कर रही थीं। पहले उनकी गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया, लेकिन जांच के दौरान अपहरण, लूट और हत्या की कोशिश की बात सामने आई। इसके बाद केस को आगे की जांच के लिए करीमनगर-I टाउन पुलिस स्टेशन भेज दिया गया।

ऑनलाइन जुए में गंवाए लाखों रुपये

पुलिस ने आरोपी की पहचान जगितियाल जिले के गोल्लापेटा गांव निवासी धम्मा दिनेश रेड्डी (21) के रूप में की है। वह डिग्री सेकेंड ईयर का छात्र है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ऑनलाइन जुआ और कथित कलर ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म जैसे DIUWIN और Jio Lottery का आदी था। उसने इन प्लेटफॉर्म पर करीब चार लाख रुपये गंवा दिए थे। इसके अलावा उसने कई लोन ऐप्स से भी कर्ज लिया था। कर्ज चुकाने के दबाव में उसने लूट की साजिश रची।

महिला को बहाने से खेतों में ले गया

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले कई दिनों तक इलाके की रेकी की। फिर 1 जुलाई को उसने लेबर अड्डे पर अकेली बैठी महिला को निशाना बनाया। वह पहले उसे रैपिडो बाइक से थिम्मापुर ले गया और बाद में अपनी मोटरसाइकिल से नुस्थुलापुर गांव के पास खेतों में पहुंचा। वहां उसने कथित तौर पर महिला से मारपीट की और उसके सोने-चांदी के गहने लूट लिए। इनमें मंगलसूत्र के सोने के मनके, कान की बाली और चांदी की बिछिया शामिल थीं।

Breaking News

पहचान छिपाने के लिए कुएं में फेंका

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने महिला को अपनी पहचान बताने से रोकने के लिए उसे खेत के एक कुएं में धक्का दे दिया। जब महिला ने कुएं के अंदर लटक रही रस्सी पकड़ ली तो आरोपी ने वह रस्सी भी काट दी। हालांकि, महिला को तैरना आता था। उसने मोटर पाइप से बंधी दूसरी रस्सी पकड़ ली और पूरी रात कुएं के अंदर किसी तरह खुद को बचाए रखा। अगले दिन पास में काम कर रहे किसानों ने उसकी आवाज सुनकर उसे रस्सी और खाट की मदद से बाहर निकाला। इसके बाद उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

CCTV और मोबाइल रिकॉर्ड से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी सबूतों की मदद ली। इसके आधार पर आरोपी को मार्केट एरिया के पास अमरवीरुल स्तूपम इलाके से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, 5 हजार रुपये नकद और पीड़िता की चांदी की बिछिया बरामद की।

ज्वेलरी कारोबारी को बेच दिए थे गहने

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी ने लूटे गए सोने के गहने टावर सर्कल के एक ज्वेलरी व्यापारी को 30 हजार रुपये में बेच दिए थे। पुलिस ने व्यापारी से गहने भी बरामद कर लिए हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।

पुलिस ने लोगों से की अपील

करीमनगर पुलिस ने लोगों, खासकर युवाओं से ऑनलाइन जुआ और अवैध सट्टेबाजी वाले ऐप्स से दूर रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि ऐसी लत आर्थिक और मानसिक नुकसान पहुंचाने के साथ लोगों को गंभीर अपराध की ओर भी धकेल सकती है।

साथ ही दिहाड़ी मजदूरों से भी अपील की गई है कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ काम के बहाने न जाएं। बाहर जाने से पहले नियोक्ता की जानकारी, वाहन का नंबर और अपनी लोकेशन परिवार या साथियों के साथ जरूर साझा करें।

जांच टीम की हुई सराहना

इस मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की पुलिस कमिश्नर ने सराहना की। उन्होंने जांच में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों की तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए प्रशंसा की।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts