Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मुंबई: कुर्ला की कोहिनूर HDIL बिल्डिंग में आग से हड़कंप, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल

मुंबई के कुर्ला पश्चिम स्थित कोहिनूर HDIL बिल्डिंग नंबर 5 में मंगलवार सुबह आग लग गई। 13 मंजिला इमारत के इलेक्ट्रिकल डक्ट में लगी आग से तीन बच्चों समेत नौ लोग घायल हो गए। दमकल विभाग ने करीब 28 मिनट में आग पर काबू पाया। घायलों को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
मुंबई: कुर्ला की कोहिनूर HDIL बिल्डिंग में आग से हड़कंप, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल
FILE PHOTO

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के कुर्ला पश्चिम स्थित कोहिनूर HDIL बिल्डिंग नंबर 5 में मंगलवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। 13 मंजिला रिहायशी इमारत के इलेक्ट्रिकल डक्ट में लगी आग की वजह से नौ लोग घायल हो गए। घायलों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। दमकल विभाग ने करीब 28 मिनट में आग पर काबू पा लिया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, कुर्ला पश्चिम स्थित कोहिनूर HDIL बिल्डिंग नंबर 5 में मंगलवार सुबह करीब 6:53 बजे आग लगी। आग इमारत के इलेक्ट्रिकल डक्ट में लगी थी और इलेक्ट्रिकल वायरिंग के जरिए फैलने लगी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने सुबह करीब 7:21 बजे तक आग पर काबू पा लिया। हालांकि, इस दौरान इमारत में धुआं भर गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

धुएं से 8 लोगों को सांस लेने में हुई दिक्कत

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, आग के कारण इमारत में घना धुआं भर गया था। इसके चलते आठ लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। वहीं, एक व्यक्ति के दाहिने पैर में चोट आई है। घायलों में पांच साल का एक बच्चा और दो किशोर लड़कियां भी शामिल हैं। सभी नौ लोगों को इलाज के लिए राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर है।

Breaking News

दमकल, पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं

घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई दमकल विभाग, पुलिस, बिजली कंपनी, 108 एंबुलेंस सेवा और वार्ड के कर्मचारियों को मौके पर तैनात किया गया। राहत और बचाव कार्य के दौरान घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और आग पर काबू पाने की कार्रवाई की गई।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों के मुताबिक, आग इलेक्ट्रिकल डक्ट में लगी थी। मामले की जांच की जा रही है, ताकि आग लगने की सही वजह का पता लगाया जा सके।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts