रेस के बीच अचानक रुका कदम... दिल्ली पुलिस भर्ती की दौड़ में 23 वर्षीय अभ्यर्थी ने गंवाई जान

दिल्ली पुलिस में भर्ती होकर वर्दी पहनने का सपना लेकर पहुंचे 23 साल के एक युवक की दौड़ के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह भर्ती प्रक्रिया के तहत फिजिकल टेस्ट में शामिल हुआ था और शुरुआती तीन राउंड भी पूरे कर चुका था। इसके बाद कुछ ऐसा हुआ कि मैदान में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना दिल्ली के वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी (DPA) में हुई, जहां कॉन्स्टेबल पद के लिए फिजिकल एंड्योरेंस एंड मेजरमेंट टेस्ट (PEMT) चल रहा है।
तीन राउंड पूरे करने के बाद बिगड़ी तबीयत
मृतक की पहचान सौरव कुमार के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के अनूपशहर इलाके के सलामतपुर स्थित नेता नगर गांव के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 9:09 बजे सौरव रेस इवेंट में शामिल हुए। उन्होंने शुरुआत में तीन राउंड सफलतापूर्वक पूरे किए। इसके बाद उन्हें परेशानी महसूस हुई और वह दौड़ से हटकर ट्रैक के किनारे चले गए। वहां कुछ अन्य अभ्यर्थी पहले से बैठे हुए थे। सौरव उनके पास पहुंचे और अचानक बेहोश होकर गिर पड़े।
ये भी पढ़ें: भोपाल में बुजुर्गों की याददाश्त पर प्रदूषण का असर, बढ़ रहा अल्जाइमर का जोखिम
मैदान पर तुरंत पहुंची मेडिकल टीम
सौरव को गिरता देखकर वहां मौजूद ग्राउंड स्टाफ ने तुरंत मेडिकल टीम और एंबुलेंस को सूचना दी। मैदान में पहले से मौजूद एंबुलेंस भी बिना देरी के मौके पर पहुंच गई। पैरामेडिक्स ने सौरव को तत्काल जरूरी चिकित्सा सहायता दी और उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने के बाद उनकी जांच की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने सौरव को मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: दिल्ली की रोहिणी जेल में कैदी की हत्या, धारदार हथियार से किया गया हमला
परिवार को दी गई घटना की जानकारी
हादसे के बाद पुलिस ने सौरव के परिवार और रिश्तेदारों को घटना की सूचना दे दी। अचानक हुई इस मौत से परिवार में मातम छा गया। वहीं, मामले से जुड़ी आगे की जरूरी जांच स्थानीय पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान हुआ हादसा
सौरव दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल पद के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने दिल्ली पुलिस अकादमी पहुंचे थे। PEMT के तहत उम्मीदवारों को शारीरिक क्षमता से जुड़े टेस्ट में हिस्सा लेना होता है। इसी प्रक्रिया के दौरान दौड़ पूरी करते हुए सौरव की तबीयत बिगड़ी और उनकी जान चली गई। घटना के बाद भर्ती स्थल पर मौजूद अभ्यर्थियों और स्टाफ के बीच भी शोक का माहौल है। फिलहाल सौरव की मौत की सटीक वजह की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।



















