लखीमपुर खीरी: बच्चों के सामने शिक्षिका को मारी गोली, फिर युवक ने खुद को भी किया शूट

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह स्कूल के अंदर गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। सदर कोतवाली क्षेत्र के चिल्ड्रेन अकादमी स्कूल में एक युवक ने शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के समय स्कूल में बच्चे मौजूद थे। बच्चों के सामने हुई इस घटना से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे सहम गए।
क्लासरूम के बाहर शिक्षिका को मारी गोली
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नौरंगाबाद निवासी मोहम्मद सऊद अंसारी स्कूल में पहुंचा था। वह स्कूल की पहली मंजिल पर गया, जहां क्लासरूम के बाहर उसकी शिक्षिका निशात फातिमा से कहासुनी हुई। पुलिस के अनुसार, इसके बाद सऊद ने तमंचे से निशात फातिमा को गोली मार दी। फिर उसने अपनी कनपटी पर गोली चला ली। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग भी घटनास्थल पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटना के बाद स्कूल के बाहर बड़ी संख्या में लोग और अभिभावक जमा हो गए। पुलिस ने स्कूल स्टाफ से भी पूछताछ शुरू कर दी है। सभी बच्चों को स्कूल से सुरक्षित घर भेज दिया गया।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने का शक
पुलिस शुरुआती जांच में मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी देख रही है। निशात फातिमा हिदायत नगर की रहने वाली थीं, जबकि सऊद अंसारी नौरंगाबाद का निवासी बताया जा रहा है। दोनों के मोहल्ले आसपास होने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना की असली वजह क्या थी, यह पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
SP ने बताया- पहले हुई कहासुनी, फिर चली गोली
एसपी ख्याति गर्ग के मुताबिक, सऊद अंसारी स्कूल परिसर में आया था और पहली मंजिल पर पहुंचा। वहां क्लासरूम के बाहर उसकी शिक्षिका से कहासुनी हुई। इसके बाद उसने शिक्षिका को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




















