Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दिल्ली में आज फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश के बीच उमस बढ़ाएगी परेशानी

दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश के बावजूद उमस से राहत नहीं मिली। IMD ने आज बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान जताया है। 1 सितंबर तक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि उत्तराखंड और यूपी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली में आज फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश के बीच उमस बढ़ाएगी परेशानी
दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश के बावजूद उमस से राहत नहीं मिली।

दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को हल्की बारिश जरूर हुई, लेकिन लोगों को उमस से खास राहत नहीं मिल सकी। आसमान में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही और नमी ज्यादा होने के कारण लोग गर्मी और चिपचिपाहट से परेशान नजर आए। गुरुवार को भी राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने का अनुमान है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में आज बादल छाए रह सकते हैं और सुबह से दोपहर के बीच कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि बारिश के बावजूद उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

आज दिल्ली में कितना रहेगा तापमान?

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, गुरुवार 27 अगस्त को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिनभर आसमान में बादल बने रह सकते हैं। सुबह और दोपहर के समय कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी या हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इस दौरान दक्षिण-पूर्वी दिशा से हवाएं चलने का अनुमान है, जिनकी रफ्तार दिन में करीब 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।

ये भी पढ़ें: नेपाल में कुदरत का खौफनाक मंजर: फ्लैश फ्लड में 160 मौतें, 750 से ज्यादा लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन तेज

1 सितंबर तक कैसा रहेगा दिल्ली समेत उत्तर भारत का मौसम?

IMD के अनुसार, 1 सितंबर तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इन राज्यों में कई जगहों पर बादल छाए रहने और बीच-बीच में बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। वहीं उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है। इन राज्यों के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में पहाड़ी और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम से जुड़े अलर्ट पर नजर रखने की जरूरत है।

बुधवार को कैसा रहा दिल्ली-एनसीआर का मौसम?

बुधवार को दिल्ली में सुबह से ही बादलों की मौजूदगी बनी रही। राजधानी का न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं अधिकतम तापमान करीब 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम दर्ज किया गया। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में गर्मी का असर थोड़ा ज्यादा नजर आया, जहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नोएडा में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान सुबह 8:30 बजे तक दिल्ली में करीब 8.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। हालांकि बारिश के बाद भी हवा में नमी ज्यादा रहने के कारण लोगों को उमस से राहत नहीं मिल सकी।

Breaking News

कहीं हल्की बारिश तो कहीं गरज-चमक

पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हुई। कुछ जगहों पर आंधी और बिजली चमकने की घटनाएं भी देखने को मिलीं। राजधानी के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं अधिकतम तापमान कुछ जगहों पर 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा, जबकि बाकी इलाकों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया। इस दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि अधिकतम तापमान ज्यादातर इलाकों में 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।

हवा चली, लेकिन उमस ने बढ़ाई परेशानी

बुधवार को दिन के समय दिल्ली में दक्षिण-पूर्वी हवाएं करीब 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। दोपहर करीब 3:30 बजे हवा की अधिकतम गति 23 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई। हालांकि हवाएं चलने के बावजूद हवा में नमी का स्तर काफी ज्यादा रहा। नमी अधिक होने के कारण लोगों को चिपचिपी गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। आने वाले दिनों में भी बादल और हल्की बारिश के साथ उमस का असर बना रह सकता है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts